July 1, 2026

मंत्री कृष्ण लाल पंवार: प्रदेश में 604 तालाबों के सुधारीकरण से ग्रामीण विकास को मिलेगी नई गति

Sonipat Renovation of 604 ponds in the state will give new momentum to rural development Minister Krishan Lal Panwar.

सोनीपत: दातौली में अमृत सरोवर मिशन के तहत विकसित तालाब का उद्घाटन करते हुए मंत्री कृष्ण लाल पंवार।

सोनीपत, अजीत कुमार। पंचायत एवं विकास मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बुधवार को प्रदेश में सुधारीकरण किए गए 604 तालाबों का वर्चुअल उद्घाटन किया। वह सोनीपत में अमृत सरोवर मिशन के तहत विकसित तीन तालाबों के उद्घाटन के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने तालाब संरक्षण, ग्रामीण विकास, अतिक्रमण हटाने, भ्रष्टाचार पर सरकार की नीति, अपराध नियंत्रण और पेट्रोल-डीजल की कीमतों सहित कई मुद्दों पर अपनी बात रखी।

मंत्री के सोनीपत पहुंचने पर मेयर राजीव जैन, उपायुक्त नेहा सिंह, एसीपी राजदीप मोर तथा अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान मंत्री ने जिले में पुलिस अधीक्षक के बारे में जानकारी ली, जिस पर उन्हें बताया गया कि जिले में पुलिस आयुक्त प्रणाली लागू है।

Sonipat Renovation of 604 ponds in the state will give new momentum to rural development Minister Krishan Lal Panwar.
सोनीपत: बलीकुतुबपुर में अमृत सरोवर मिशन के तहत विकसित तालाब का उद्घाटन करते हुए मंत्री कृष्ण लाल पंवार।

मंत्री ने गांव बली कुतुबपुर के लाल वाला तालाब, गांव दतौली के पावर हाउस वाले तालाब और गांव भाखरपुर के पीर वाले तालाब का उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगभग 19 हजार तालाब हैं, जिनमें से करीब 16 हजार तालाबों के सुधारीकरण की आवश्यकता है। पहले चरण में 2200 तालाब विकसित किए जाएंगे। इस परियोजना पर 88 करोड़ 34 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि अमृत सरोवर योजना के तहत केवल तालाबों की सफाई नहीं की जा रही, बल्कि चारों ओर सुरक्षा बांध, पक्की संरचना, प्रकाश व्यवस्था, बैठने के लिए बेंच और अन्य सुविधाएं विकसित कर इन्हें उपयोगी सार्वजनिक स्थल बनाया जा रहा है। अब तालाबों के विकास और रखरखाव की जिम्मेदारी पंचायत एवं विकास विभाग के पास है। भविष्य में रखरखाव के लिए प्रत्येक परियोजना में पांच प्रतिशत राशि का भी प्रावधान किया जाएगा।

मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि जहां पहले तालाब थे, वहां भविष्य में भी तालाब ही विकसित किए जाएंगे। जोहड़ों की भूमि पर हुए अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया जारी है। जिन लोगों के मामले अदालत या प्रशासन के पास हैं, उनके लिए सरकार व्यावहारिक समाधान तलाशने का प्रयास करेगी। भ्रष्टाचार के मामलों पर मंत्री ने कहा कि यदि किसी अधिकारी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध बिना भेदभाव कार्रवाई की जाएगी। सरकार किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं करेगी।

पेट्रोल और डीजल की कीमतों के संबंध में उन्होंने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में कमी का लाभ आने वाले समय में जनता को मिलेगा। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए बिजली से चलने वाले वाहनों के अधिक उपयोग की अपील भी की।

अपराध नियंत्रण पर मंत्री ने कहा कि सरकार अपराधियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई कर रही है। उनका दावा था कि वर्ष 2018 के बाद प्रदेश में अपराध की घटनाओं में कमी आई है और कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

About The Author