सोनीपत: राष्ट्रीय पेंचक सिलाट के 11 पदक विजेताओं काे सम्मानित किया
सोनीपत: विजेताओकं को आशीर्वाद देते हुए द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता ओम प्रकाश दहिया
सोनीपत, अजीत कुमार। महाराष्ट्र के नासिक स्थित साई आश्रम तपोवन में आयोजित 14वीं राष्ट्रीय सब जूनियर एवं जूनियर पेंचक सिलाट चैंपियनशिप-2026 में प्रताप स्कूल, खरखौदा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण, तीन रजत और पांच कांस्य सहित 11 पदक जीतकर हरियाणा और विद्यालय का नाम रोशन किया। बुधवार को विजेताओं काे स्कूल परिसर में सम्मासनित किया गया।
सब जूनियर वर्ग में 36-39 किलोग्राम भार वर्ग में समीक्षा मान और60-63 किलोग्राम भार वर्ग में दिव्यांश चौधरी ने स्वर्ण पदक जीते। 30-33 किलोग्राम भार वर्ग में आशीष सैनी तथा 51-54 किलोग्राम भार वर्ग में जितेन सिंह ने रजत पदक हासिल किए। 39-42 किलोग्राम भार वर्ग में यश और 57-60 किलोग्राम भार वर्ग में कार्तिक धमिया ने कांस्य पदक अपने नाम किए।
जूनियर वर्ग में 75-79 किलोग्राम भार वर्ग में हर्षित ने स्वर्ण पदक जीता। 43-47 किलोग्राम भार वर्ग में तान्या ने रजत पदक प्राप्त किया। 51-54 किलोग्राम भार वर्ग में शुभम, 79-83 किलोग्राम भार वर्ग में वंशु डबास तथा 87-100 किलोग्राम भार वर्ग में निखिल डबास ने कांस्य पदक जीते।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता से लौटने पर विद्यालय परिसर में खिलाड़ियों का स्वागत किया गया। इस अवसर पर द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता एवं खेल निदेशक ओम प्रकाश दहिया, संस्थापक सत प्रकाश दहिया, प्रधानाचार्या दया दहिया, शैक्षणिक निदेशक डॉ. सुबोध दहिया तथा कोच जगमेंदर पांचाल ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
ओम प्रकाश दहिया ने कहा कि विद्यालय में अनुभवी प्रशिक्षकों की देखरेख में नियमित और वैज्ञानिक प्रशिक्षण दिया जाता है, जिससे खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर रहे हैं। डॉ. सुबोध दहिया ने कहा कि विद्यालय में शिक्षा और खेल का बेहतर समन्वय, आधुनिक खेल सुविधाएं, अनुशासित वातावरण और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण खिलाड़ियों की सफलता का आधार हैं। खिलाड़ियों ने अपनी उपलब्धि का श्रेय विद्यालय प्रबंधन, कोच जगमेंदर पांचाल और अपने माता-पिता के सहयोग को दिया।
