सोनीपत: चार पुलिस कर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई, पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने सराहा योगदान
सोनीपत: चार पुलिस कर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई, पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने सराहा योगदान।
सोनीपत, अजीत कुमार। पुलिस लाइन सोनीपत में आयोजित सम्मान एवं विदाई समारोह में पुलिस आयुक्त ममता सिंह (आईपीएस, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक) ने सेवानिवृत्त होने वाले चार पुलिस कर्मचारियों को भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर उन्होंने कर्मचारियों की वर्षों की उत्कृष्ट, अनुशासित और निष्ठापूर्ण सेवाओं की सराहना करते हुए उन्हें सम्मान चिन्ह एवं स्मृति उपहार भेंट किए।

समारोह के दौरान ऑनरेरी निरीक्षक वेद सिंह, ऑनरेरी निरीक्षक राजेंद्र, मुख्य सिपाही दिलबाग तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सुरेश को पुलिस विभाग में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनके सेवाकाल को याद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का दायित्व है। सेवानिवृत्त होने वाले सभी कर्मचारियों ने अपने लंबे सेवाकाल में ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन का परिचय देते हुए विभाग की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों का अनुभव और कार्यशैली आने वाली पीढ़ी के पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।

उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुखद, समृद्ध और सम्मानपूर्ण जीवन की कामना करते हुए कहा कि विभाग उनके योगदान को सदैव सम्मान के साथ याद रखेगा। साथ ही उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वे समाज सेवा, परिवार और सामाजिक दायित्वों का उसी समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे, जिस निष्ठा से उन्होंने पुलिस विभाग में अपनी जिम्मेदारियां निभाईं।
समारोह के अंत में पुलिस आयुक्त ममता सिंह तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सम्मान चिन्ह एवं उपहार भेंट कर उनके स्वस्थ, सुखमय और सफल जीवन की शुभकामनाएं दीं। समारोह भावुक माहौल के बीच संपन्न हुआ, जहां सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त साथियों के योगदान को सम्मानपूर्वक याद करते हुए उन्हें नई पारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
