अक्षरा सिंह: अक्षय कुमार के साथ मंच साझा कर भावुक हुईं अक्षरा सिंह, बोलीं- सपना सच होने जैसा अहसास
भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री अक्षरा सिंह।
नई दिल्ली। भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री अक्षरा सिंह इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ को लेकर चर्चा में हैं। इस बहुप्रतीक्षित फिल्म में वह बॉलीवुड के सुपरस्टार अक्षय कुमार के साथ नजर आएंगी। फिल्म के चर्चित गीत ‘घिस घिस घिस’ में अक्षरा सिंह और अक्षय कुमार की शानदार प्रस्तुति दर्शकों के बीच पहले से ही उत्सुकता बढ़ा रही है।
हाल ही में मुरादाबाद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अक्षरा सिंह ने अक्षय कुमार के साथ मंच साझा किया। इस खास अवसर की तस्वीरें उन्होंने अपने सामाजिक माध्यमों पर साझा करते हुए भावुक संदेश लिखा। अक्षरा ने कहा कि कभी वह अक्षय कुमार को पर्दे पर देखकर तालियां बजाया करती थीं, लेकिन आज उनके साथ मंच साझा करना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है।
अक्षरा सिंह ने अपने संदेश में अक्षय कुमार की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया उनके स्टारडम को देखती है, लेकिन उन्हें अक्षय कुमार की सादगी, विनम्रता और मानवीय व्यवहार ने सबसे अधिक प्रभावित किया है। अक्षरा के अनुसार, अक्षय की मौजूदगी जितनी प्रभावशाली है, उनकी इंसानियत उससे कहीं अधिक खूबसूरत है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए अपने परिवार, प्रशंसकों और शुभचिंतकों का भी दिल से आभार व्यक्त किया।
फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ में अक्षय कुमार के अलावा सुनील शेट्टी, परेश रावल, जॉनी लीवर, राजपाल यादव, अरशद वारसी, तुषार कपूर, श्रेयस तलपड़े, आफताब शिवदासानी, जैकी श्रॉफ, दलेर मेहंदी, मीका सिंह, रवीना टंडन, लारा दत्ता, जैकलीन फर्नांडिस, दिशा पटानी, उर्वशी रौतेला, फरीदा जलाल, कृष्णा अभिषेक, मुकेश तिवारी, यशपाल शर्मा, विंदू दारा सिंह, किरण कुमार, जाकिर हुसैन, पंकज धीर, पुनीत इस्सर, किकू शारदा और सुदेश बेरी सहित कई कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
बड़े सितारों से सजी यह फिल्म 26 जून को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने जा रही है। दर्शकों को इस फिल्म से भरपूर मनोरंजन, हास्य और रोमांच की उम्मीद है।
