सोनीपत खबर: पुलिस आयुक्त का युवाओं को संदेश नशे से दूरी ही सफलता की राह
सोनीपत: शपथ दिलाते हुए पुलिस आयुक्त ममता सिंह
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत में युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से मोतीलाल नेहरू खेल विश्वविद्यालय, राई में नशा मुक्त भारत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त ममता सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेकर विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और शिक्षकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
सोमवार को पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य उसके परिवार, समाज और भविष्य को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों में अपनी ऊर्जा लगाने तथा नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस और सोनीपत पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही हैं तथा समाज के सहयोग से ही नशा मुक्त भारत का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना नशा उन्मूलन अभियान सफल नहीं हो सकता। विद्यार्थियों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाएं और नशा तस्करी या नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

कार्यक्रम में विशेषज्ञ वक्ताओं ने नशे के दुष्प्रभाव, सीसीटीवी की उपयोगिता, साइबर अपराधों से बचाव, सामाजिक जिम्मेदारियों और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर जानकारी दी। विद्यार्थियों और खिलाड़ियों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में संयुक्त पुलिस आयुक्त राजिंद्र कुमार मीणा, विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी, शिक्षक, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन नशा मुक्त भारत के निर्माण की शपथ के साथ हुआ।
