April 30, 2026

मोहन लाल बड़ौली: निकाय चुनाव में भाजपा की जीत तय, कांग्रेस साफ होगी

BJP's victory is certain in the civic elections, Congress will be wiped out Barauli

सोनीपत, अजीत कुमार।  भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि हरियाणा के नगर निकाय चुनाव में भाजपा के पक्ष में एकतरफा माहौल बन चुका है और कांग्रेस का पूरी तरह सफाया तय है। वे सोनीपत में मेयर प्रत्याशी राजीव जैन के चुनाव कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे कमल के निशान पर मतदान सुनिश्चित कर भाजपा प्रत्याशियों को भारी बहुमत से विजयी बनाएं। बड़ौली ने कहा कि कार्यक्रम में लोगों का उत्साह यह संकेत देता है कि प्रदेश में भाजपा को व्यापक समर्थन मिल रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनता अब कांग्रेस के वादों को समझ चुकी है और विकास व पारदर्शिता की राजनीति को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने नायब सिंह सैनी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में आधारभूत ढांचे का तेजी से विकास हुआ है और युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, किसानों के हित और गरीब कल्याण की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया गया है, जिससे जनता संतुष्ट है। बड़ौली ने कहा कि प्रदेश की जनता विकास की इस यात्रा को आगे बढ़ाना चाहती है और कांग्रेस मुक्त हरियाणा बनाने का मन बना चुकी है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर सरकार की योजनाओं की जानकारी देने और हर मतदाता से संपर्क करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा इस बार ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

About The Author