सोनीपत: मोदी के 25 वर्ष के सेवाकाल में देश ने नए कीर्तिमान कायम किए: भूपेश्वर दयाल
सोनीपत: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी भूपेश्वर दयाल गोहाना में पत्रकारों से वार्ता करते हुए।
सोनीपत, अजीत कुमार। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी भूपेश्वर दयाल ने सोमवार को जिला गोहाना भाजपा कार्यालय में जिला अध्यक्ष बिजेंद्र मलिक के साथ पत्रकार वार्ता की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक सेवाकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दौरान देश ने कई नए कीर्तिमान कायम किए हैं। उन्होंने दावा किया कि भारत की अर्थव्यवस्था विश्व में चौथे स्थान पर पहुंची है और इससे देश को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है।
भूपेश्वर दयाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक भाजपा की ओर से आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर शाम सात बजे प्रदेशभर में आशीर्वाद के दीप जलाए जाएंगे। इसके अलावा सेवा सेतु अभियान और जनसेवा महाकुंभ आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए जनजागरण अभियान भी चलाया जाएगा। अभियान के दौरान लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष बिजेंद्र मलिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्र का गौरव हैं। उनके शासनकाल में अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इन अभियानों के माध्यम से लोगों से सीधे जुड़ेंगे। पत्रकार वार्ता में जिला महामंत्री महेंद्र चिड़ाना, जितेंद्र शर्मा, नरेंद्र गहलावत, मुकेश रोहिल्ला और जिला मीडिया प्रभारी डॉ. राममेहर राठी मौजूद रहे।
