व्हाट्सप्प फीचर अपडेट: अब बिना मोबाइल नंबर साझा किए करें WhatsApp चैट, यूजरनेम फीचर हुआ शुरू
WhatsApp यूजरनेम फीचर, AI डिजाइन फोटो।
नई दिल्ली। अब किसी नए व्यक्ति से व्हाट्सऐप पर बातचीत करने के लिए अपना मोबाइल नंबर साझा करना अनिवार्य नहीं रहेगा। मेटा के स्वामित्व वाले व्हाट्सऐप ने बहुप्रतीक्षित यूजरनेम फीचर की शुरुआत कर दी है। इस नई सुविधा के जरिए उपयोगकर्ता केवल अपने यूजरनेम के माध्यम से एक-दूसरे से जुड़ सकेंगे, जिससे उनकी निजी जानकारी पहले से अधिक सुरक्षित रहेगी।
कंपनी ने 29 जून से दुनियाभर में यूजरनेम आरक्षित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हालांकि यह सुविधा सभी उपयोगकर्ताओं को एक साथ उपलब्ध नहीं होगी। अगले कुछ महीनों में इसे चरणबद्ध तरीके से विभिन्न देशों में जारी किया जाएगा। जब यह सुविधा किसी क्षेत्र में उपलब्ध होगी, तब उपयोगकर्ताओं को व्हाट्सऐप पर इसकी सूचना मिलेगी।
व्हाट्सऐप के प्रमुख कुणाल शाह ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि उपयोगकर्ता समय रहते अपना पसंदीदा यूजरनेम सुरक्षित कर लें, क्योंकि दुनियाभर में लाखों लोग समान या मिलते-जुलते यूजरनेम चुन सकते हैं। जो पहले यूजरनेम आरक्षित करेगा, उसके पसंदीदा नाम मिलने की संभावना अधिक रहेगी।
नए फीचर के लागू होने के बाद बड़े समूहों में शामिल होने या पहली बार किसी व्यक्ति से बातचीत शुरू करने पर मोबाइल नंबर स्वतः दिखाई नहीं देगा। ऐसे में उपयोगकर्ता की निजता पहले से अधिक सुरक्षित रहेगी और वह अपनी इच्छा के अनुसार ही अपना नंबर साझा कर सकेगा।
यूजरनेम तीन से 35 अक्षरों का होगा। इसमें केवल छोटे अंग्रेजी अक्षर, अंक, पूर्ण विराम (.) और अंडरस्कोर (_) का उपयोग किया जा सकेगा। प्रत्येक यूजरनेम अलग और विशिष्ट होगा तथा आवश्यकता पड़ने पर इसे बदला या हटाया भी जा सकेगा।
व्हाट्सऐप एक वैकल्पिक यूजरनेम कुंजी सुरक्षा सुविधा भी लेकर आ रहा है। इसे सक्रिय करने पर पहली बार संदेश भेजने वाले व्यक्ति को पहले यह सुरक्षा कुंजी दर्ज करनी होगी। इससे अनचाहे संदेशों और स्पैम पर प्रभावी नियंत्रण मिलेगा।
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि पुराने चैट, संपर्क सूची, समूह, एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन, ब्लॉक और रिपोर्ट जैसी सभी मौजूदा सुविधाएं पहले की तरह ही कार्य करती रहेंगी। यह नया फीचर उपयोगकर्ताओं की गोपनीयता बढ़ाने और सुरक्षित संवाद को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
