सोनीपत: बिजली कटों पर नवनिर्वाचित मेयर सख्त, बिना सूचना कटौती न करें बिजली विभाग
सोनीपत: नवनिर्वाचित मेयर राजीव जैन।
सोनीपत, अजीत कुमार। पिछले एक सप्ताह से जारी अघोषित बिजली कटों से परेशान शहरवासियों को राहत दिलाने के लिए नगर निगम के नवनिर्वाचित मेयर राजीव जैन ने हरियाणा राज्य बिजली वितरण निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना पूर्व सूचना के बिजली कटौती न की जाए और फ्यूज उड़ने या तार टूटने जैसी शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में कार्यकारी अभियंता रणबीर देशवाल, उपमंडल अभियंता प्रदीप खोखर और कार्तिक रोहिल्ला ने बताया कि हरसाना कलां 132 केवी सब-स्टेशन में सीटी की क्षमता 300 से बढ़ाकर 400 कर दी गई है। इसी प्रकार सेक्टर-15 सब स्टेशन की क्षमता भी बढ़ाई गई है, जिससे ओवरलोड की समस्या काफी हद तक समाप्त होगी। अधिकारियों ने बताया कि मिनी सचिवालय को हरसाना और फाजिलपुर पावर हाउस से जोड़ने का कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि मिनी सचिवालय स्थित सब स्टेशन की क्षमता 25 एमवीए से बढ़ाकर 40 एमवीए तथा सूरज स्टील सब स्टेशन की क्षमता 25 से 45 एमवीए करने का प्रस्ताव मंजूरी के लिए भेजा गया है। शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए विभाग मुख्यालय से अतिरिक्त कर्मचारियों की मांग भी की गई है।
नवनिर्वाचित मेयर राजीव जैन ने कहा कि बिजली कटौती का शेड्यूल पेयजल आपूर्ति के रोस्टर के अनुसार तय किया जाए, ताकि पानी की सप्लाई के दौरान बिजली बाधित न हो। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान विभागीय कर्मचारियों को अलर्ट मोड पर रहकर जनता को राहत देनी चाहिए।
