सोनीपत हादसा: सोनीपत स्टेशन पर शर्त के चलते मालगाड़ी पर चढ़ा नाबालिग, झुलसा
सोनीपत: करंट से झुलसे हर्षित को अस्पताल ले जाते सुरक्षाकर्मी हुए।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत रेलवे स्टेशन पर दोस्तों के बीच लगी कथित शर्त एक नाबालिग किशोर की जान पर भारी पड़ गई। बसोदी गांव निवासी करीब 16 वर्षीय हर्षित बुधवार को दोस्तों के साथ रेलवे स्टेशन पहुंचा था। प्लेटफार्म नंबर-4 पर खड़ी मालगाड़ी को बिना फुटओवर ब्रिज का इस्तेमाल किए पार करने की कोशिश में वह मालगाड़ी की बोगी पर चढ़ गया और ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से झुलसे किशोर का रोहतक के अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जीआरपी के सहायक उपनिरीक्षक विकास शर्मा के अनुसार घटना बुधवार सुबह की है। शुरुआती जांच में सामने आया कि कई युवक रेलवे स्टेशन पर मौजूद थे। युवकों के बीच कथित तौर पर शर्त लगी थी कि प्लेटफार्म नंबर-4 पर खड़ी मालगाड़ी को फुटओवर ब्रिज से न जाकर पार करना है। इसी शर्त को पूरा करने के लिए हर्षित मालगाड़ी की बोगी की सीढ़ियों से ऊपर चढ़ गया।
दिल्ली से पानीपत की ओर जाने वाली मालगाड़ी प्लेटफार्म नंबर-4 पर खड़ी थी। हर्षित बोगी के ऊपर पहुंचकर बीच तक गया। इसी दौरान उसका सिर ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार से टकरा गया। करंट का जोरदार झटका लगने से वह बोगी पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों के अनुसार उसे दो बार करंट का झटका लगा। कुछ देर बाद वह बोगी से नीचे रेलवे लाइन पर जा गिरा। सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंची और किशोर को एंबुलेंस से सोनीपत के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में चिकित्सकों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए भेजा, लेकिन परिजन उसे दिल्ली नहीं ले गए। बाद में उसे रोहतक के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हर्षित ने 10वीं कक्षा की पढ़ाई पूरी करने के बाद तकनीकी पाठ्यक्रम में दाखिला लिया हुआ है। वह परिवार का इकलौता बेटा बताया जा रहा है। जीआरपी मामले की जांच कर रही है। पुलिस उसके साथ मौजूद अन्य युवकों की पहचान करने और शर्त की पूरी जानकारी जुटाने में लगी है।
