August 11, 2026

सोनीपत: एसडीएम ने पीएचसी का औचक निरीक्षण किया, डेंटल सर्जन अनुपस्थित मिले

Sonipat: SDM conducts surprise inspection of PHC; dental surgeon found absent.

सोनीपत: गन्नाैर एसडीएम प्रवेश कादियान वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी टीना आनंद को निर्देश देते हुए।

सोनीपत, अजीत कुमार। गन्नौर एसडीएम प्रवेश कादियान ने मंगलवार को गांव राजलू गढ़ी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डेंटल सर्जन अनुपस्थित मिले। एसडीएम ने इस पर नाराजगी जताते हुए वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी टीना आनंद को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों का आगे भी नियमित रूप से निरीक्षण किया जाएगा।

एसडीएम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रयोगशाला, दवाई वितरण व्यवस्था, आपातकालीन कक्ष, आयुष केंद्र सहित मरीजों को दी जा रही विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अग्निरोधक उपकरणों और शौचालयों का रख-रखाव ठीक नहीं मिला। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन्हें तुरंत दुरुस्त कराने और स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए।

एसडीएम ने कहा कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार और प्रशासन की प्राथमिकता है। मरीजों को इलाज के लिए किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों को सभी सेवाएं सुचारु रूप से चलाने और मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही मिलने पर आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

About The Author