July 14, 2026

सोनीपत में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 20 युवकों को ओएसटी सेंटर भेजा

Major crackdown against drugs in Sonipat; 20 youths sent to OST center.

सोनीपत: नशा कर रहे युवकों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया।

सोनीपत, अजीत कुमार। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोनीपत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अनेजा अस्पताल के सामने खुले मैदान में नशा कर रहे लगभग 15 से 20 युवकों को हिरासत में लिया। पुलिस ने सभी युवकों की काउंसलिंग कराने के बाद उन्हें उपचार एवं नशा मुक्ति के लिए सिविल अस्पताल स्थित ओपिओइड सब्स्टीट्यूशन थेरेपी (ओएसटी) सेंटर में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज शुरू कर दिया गया है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि अनेजा अस्पताल के सामने स्थित खुले मैदान में कुछ युवक खुलेआम नशा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-27 के प्रभारी निरीक्षक सवित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए सभी युवकों को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद उन्हें समझाइश देते हुए नशे की लत से बाहर निकालने के उद्देश्य से ओएसटी सेंटर भेजा गया।

मंगलवार को पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने बताया कि सोनीपत पुलिस का उद्देश्य केवल नशा तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि नशे की गिरफ्त में आए युवाओं का उपचार कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना भी है। उन्होंने कहा कि नशा एक सामाजिक बुराई है और इससे लड़ने के लिए पुलिस, स्वास्थ्य विभाग तथा समाज के सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि किसी क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री हो रही है या कोई व्यक्ति नशे की लत से जूझ रहा है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

सोनीपत पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नशा तस्करों के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों के विरुद्ध भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी, जबकि नशे की लत से जूझ रहे युवाओं को उपचार और पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

About The Author