ईशान किशन का धमाकेदार शतक: अफगानिस्तान के खिलाफ खेली तूफानी 125 रन की पारी
शतक लगाएं के बाद ईशान किशन दर्शको का अभिवादन स्वीकार करते हुए।
लखनऊ, जीजेडी न्यूज। भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में शानदार वापसी करते हुए अपने करियर का दूसरा एकदिवसीय शतक जड़ दिया। इकाना स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में ईशान ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 71 गेंदों में शतक पूरा किया और भारतीय टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
ईशान किशन ने अपनी शतकीय पारी के दौरान 14 चौके और चार छक्के लगाए। उन्होंने अफगानिस्तान के गेंदबाजों की जमकर खबर ली और मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट खेले। शतक पूरा करने के बाद भी उन्होंने अपनी आक्रामक शैली जारी रखी और अंततः 79 गेंदों में 125 रन बनाकर आउट हुए। उनकी पारी में कुल सात छक्के और 14 चौके शामिल रहे।
यह अफगानिस्तान के खिलाफ एकदिवसीय क्रिकेट में सबसे तेज शतकों में से एक रहा। अफगानिस्तान के विरुद्ध इससे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के पूर्व कप्तान इयोन मॉर्गन के नाम है, जिन्होंने वर्ष 2019 में केवल 57 गेंदों में शतक बनाया था।
ईशान किशन लंबे समय बाद भारतीय एकदिवसीय टीम में वापसी कर रहे थे। वर्ष 2023 विश्व कप के बाद उन्हें एकदिवसीय टीम में मौका नहीं मिला था। हालांकि टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और इंडियन प्रीमियर लीग में उनके लगातार शानदार प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं को उन्हें फिर से एकदिवसीय टीम में शामिल करने के लिए मजबूर कर दिया।
इससे पहले ईशान के नाम एकमात्र एकदिवसीय शतक वर्ष 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ बनाया गया दोहरा शतक था, जिसमें उन्होंने 210 रन की ऐतिहासिक पारी खेली थी।
दूसरी ओर भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 77 गेंदों में अपना नौवां एकदिवसीय शतक पूरा किया। गिल और ईशान की शतकीय पारियों की बदौलत भारत ने मैच पर पूरी तरह अपना दबदबा कायम रखा और दर्शकों को यादगार बल्लेबाजी का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।
