May 30, 2026

पीटीएम के साथ रक्तदान महादान: प्रायास इंटरनेशनल स्कूल में 60 यूनिट रक्तदान, मानव सेवा का अनूठा अभियान

Blood donation with PTM: 60 units of blood donated at Prayas International School, a unique campaign for human service

गनौर: पीटीएम के साथ रक्तदान महादान।

गन्नौर, अजीत कुमार। प्रायास इंटरनेशनल स्कूल, गन्नौर में शनिवार को अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) के साथ रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम केवल विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति की समीक्षा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मानवता की सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणादायक उदाहरण भी बना। शिविर में कुल 60 यूनिट रक्तदान किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी साबित होगा।

विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों, शिक्षकों, समाजसेवियों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। कार्यक्रम के दौरान “रक्तदान महादान है” का संदेश देते हुए लोगों को नियमित रूप से रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विधायक देवेंद्र कादियान की धर्मपत्नी रानी कादियान रहीं। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं रोटरी क्लब गन्नौर द्वारा आयोजित इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद को जीवनदान देने के समान है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ मानवता की सेवा का उत्कृष्ट माध्यम बनते हैं।

इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन सुरेश बत्रा, एमडी अमित बत्रा, डायरेक्टर डॉ. सुनीता जैन, डायरेक्टर रुचिका बत्रा, प्रधानाचार्य सुरेन्द्र छाबड़ा तथा उप-प्रधानाचार्या दीपमाला विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए समाजहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में अंकित मल्होत्रा, नीरज जाग्या, सुरेन्द्र जाग्या, रविन्द्र सरदाना और सुमित बत्रा सहित कई विशिष्ट अतिथियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। वहीं रोटरी क्लब गन्नौर के मनीष बंसल, श्रेय त्यागी, अनिल जैन, अमित बत्रा, नवीन खन्ना और महावीर पालिवाल ने रक्तदान शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन एवं रोटरी क्लब गन्नौर ने सभी रक्तदाताओं, अभिभावकों, अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही भविष्य में भी शिक्षा के साथ समाजसेवा और जनकल्याण से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प दोहराया। आयोजन का संदेश स्पष्ट था कि आपका एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए नई जिंदगी की उम्मीद बन सकता है।

About The Author