May 27, 2026

सोनीपत खबर: सोनीपत आईटीआई गोहाना में नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Awareness program against drug addiction organized at Sonipat ITI Gohana

सोनीपत: आईटीआई गोहाना में पुनर्वास प्रभारी उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को जानकारी देते हुए।

सोनीपत, अजीत कुमार। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की ओर से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान गोहाना में नशे के खिलाफ बुधवार को 57वां एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार और पुलिस उप-महानिरीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा के निर्देशों के तहत हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के प्राचार्य अजय खोखर ने की। इसमें अनुदेशक, वर्ग अनुदेशक और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया।

ब्यूरो के जागरूकता एवं पुनर्वास प्रभारी उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा समाज और युवा पीढ़ी के लिए बड़ा खतरा है। नशा शुरुआत में शौक लगता है, लेकिन बाद में जीवन को बर्बादी की ओर ले जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशा मुक्त समाज बनाने में सहयोग करने की अपील की।

डॉ. वर्मा ने कहा कि नशा तस्करी या अवैध बिक्री से जुड़ी कोई जानकारी मिलने पर लोग एनसीबी हेल्पलाइन 1933, ऑनलाइन पोर्टल और हरियाणा एनसीबी हेल्पलाइन 90508-91508 पर सूचना दे सकते हैं। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों और स्टाफ को नशा मुक्त रहने की शपथ दिलाई गई। इस मौके पर आजाद हिंद देशभक्त मोर्चा के मुख्य संरक्षक आजाद सिंह दांगी, महासचिव सतबीर पोडिया, वर्ग अनुदेशक रामपाल, परमवीर, शुभ कुमार, गोविंद, राजीव और सैकड़ों विद्यार्थी मौजूद रहे।

About The Author