July 12, 2026

कामयाबी के कदम: एशियाई कांस्य पदक विजेता निशा मोर का गांव लड़सौली में भव्य स्वागत, विधायक कादियान ने किया सम्मानित

Asian bronze medalist wrestler Nisha Mor receives a grand welcome in Larsauli village; MLA Kadian honors her.

गन्नौर: विजेता पहलवान का स्वागत करते विधायक कादियान।

गन्नौर, अजीत कुमार। गन्नौर के गांव लड़सौली की बेटी एवं अंडर-15 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता पहलवान निशा मोर का रविवार को गांव पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। थाईलैंड में आयोजित प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर देश और हरियाणा का नाम रोशन करने वाली निशा के सम्मान में गुरु हनुमान कुश्ती अकादमी, एमडीडी स्पोर्ट्स क्लब और समस्त ग्रामीणों की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में गन्नौर के विधायक देवेंद्र कादियान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और निशा को सम्मानित किया।

गांव के बुजुर्गों, खिलाड़ियों, महिलाओं और खेल प्रेमियों ने फूलमालाएं पहनाकर, मिठाई खिलाकर और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच निशा का अभिनंदन किया। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

विधायक देवेंद्र कादियान ने कहा कि निशा मोर की उपलब्धि केवल लड़सौली या गन्नौर ही नहीं, बल्कि पूरे हरियाणा और देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना कठिन परिश्रम, अनुशासन और परिवार व प्रशिक्षकों के समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि निशा भविष्य में ओलंपिक सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतकर तिरंगा बुलंद करेगी।

निशा मोर सरपंच सुशीला और सामाजिक कार्यकर्ता प्रियव्रत मोर की बेटी हैं। उन्होंने छह वर्ष की उम्र में गुरु हनुमान कुश्ती एवं कबड्डी अकादमी से कुश्ती की शुरुआत की। प्रशिक्षक कुलवीर राणा के मार्गदर्शन में उन्होंने कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतने के बाद अब एशियाई चैंपियनशिप में कांस्य पदक हासिल कर अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई है।

सम्मान समारोह में निशा ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और प्रशिक्षकों को देते हुए कहा कि उनका अगला लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाना है। इस अवसर पर प्रियव्रत मोर, नवीन मोर, चांद पहलवान, काला मोर, संजय, करतार सिंह, मास्टर महेंद्र, पवित्र सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

About The Author