November 22, 2026

सोनीपत: रिटायर्ड सीआरपीएफ जवान पर गोली चलवाने के आरोपी की जमानत पर सुनवाई टली

Sonipat: Hearing on bail plea of ​​accused in case of ordering a shooting at a retired CRPF jawan adjourned

फोटो: Ai Genrated

सोनीपत, अजीत कुमार। गन्नौर क्षेत्र के गांव अटायल में रिटायर्ड सीआरपीएफ जवान के घर पर गोली चलवाने और आपराधिक साजिश रचने के आरोपी सुनील की नियमित जमानत याचिका पर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। न्यायमूर्ति रमेश चंद्र डिमरी की एकल पीठ ने मामले की अगली सुनवाई 23 नवंबर 2026 निर्धारित की है।

गन्नौर थाना पुलिस में दर्ज मामले के अनुसार, गांव अटायल निवासी मनोज कुमार सीआरपीएफ से सेवानिवृत्त हैं। उनका जमीन को लेकर महाबीर और सुनील के साथ विवाद चल रहा है। इस संबंध में गन्नौर अदालत में मुकदमा विचाराधीन है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि होली के दिन निर्मला देवी और उसका बेटा गोपाल उनके घर पहुंचे और जमीन का मुकदमा वापस लेने की धमकी दी। इसके बाद 7 और 8 मार्च 2026 को गोपाल ने व्हाट्सएप कॉल कर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

आरोप है कि 3 मई 2026 की रात गोपाल अपने एक साथी के साथ बाइक पर मनोज के घर पहुंचा और पिस्तौल से जान से मारने की नीयत से दो गोलियां चलाईं। मनोज ने समय रहते लोहे का मुख्य गेट बंद कर लिया, जिससे गोली गेट में लगी और उनकी जान बच गई। सूचना मिलने पर डायल 112 और गन्नौर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को गेट पर गोली के निशान मिले। गली से एक खाली खोल और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ। पुलिस जांच में सामने आया कि सुनील ने प्लॉट खाली कराने और जमीन का मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने के लिए गोपाल को हथियार खरीदने के लिए पैसे दिए थे।

सोनीपत के सत्र न्यायाधीश जगजीत सिंह की अदालत ने 17 सितंबर को सुनील की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। अदालत ने चार अन्य आरोपियों के फरार होने और गवाहों को प्रभावित करने की आशंका जताई थी। इसके बाद सुनील ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की। 21 नवंबर को सुनवाई में आरोपी की ओर से अधिवक्ता सुशील के. शर्मा और हरियाणा सरकार की ओर से सहायक महाधिवक्ता विनय सैनी पेश हुए। अदालत ने अगली सुनवाई 23 नवंबर को तय की है।

About The Author