सोनीपत: शराब का पेग देने से मना करने पर युवक की चाकू मारकर हत्या
सोनीपत: मृतक अनिल का फाईल फोटो।
सोनीपत, अजीत कुमार। गन्नौर क्षेत्र के गांव खिजरपुर अहीर माजरा में शराब का पेग देने से मना करने पर हुए विवाद में 37 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। युवक अपने चचेरे भाई और तीन दोस्तों के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान एक युवक ने उससे शराब का पेग मांगा। मना करने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर साथ बैठे चार लोगों में से एक ने उसके पेट में चाकू घोंप दिया। वारदात के बाद चारों मौके से फरार हो गए।
परिजनों के अनुसार, गांव खिजरपुर अहीर माजरा निवासी अनिल शनिवार देर रात परिवार के ही एक अन्य चचेरे भाई और तीन दोस्तों के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान एक युवक ने अनिल से शराब का पेग मांगा। अनिल ने पेग देने से मना कर दिया, जिस पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आधी रात को कहासुनी बढ़ने पर चार लोगों में से एक ने अनिल के पेट में चाकू मार दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद अनिल का चचेरा भाई रामवीर उसे गंभीर हालत में खानपुर मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचा। वहां चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन चोट गंभीर होने के कारण उसकी मौत हो गई। अनिल अविवाहित था और मजदूरी करके परिवार के खर्च में सहयोग करता था। परिवार में उसके माता-पिता और एक छोटा भाई है। युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। वारदात की सूचना मिलने पर गन्नौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। गन्नौर थाना प्रभारी बीर सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर रविवार को मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
