November 18, 2026

सिद्धपीठ तीर्थ सतकुंभा धाम: भक्ति, दान और पुण्य का महापर्व है कार्तिक पूर्णिमा: श्रीमहंत राजेश स्वरूप जी

Kartik Purnima is a grand festival of devotion, charity, and virtuous deeds: Shri Mahant Rajesh Swaroop Ji
  • 24 नवंबर को सिद्धपीठ तीर्थ सतकुंभा धाम में लगेगा आस्था का मेला

गन्नौर, अजीत कुमार। कार्तिक पूर्णिमा का पावन पर्व 24 नवंबर को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर भारत के 68 तीर्थों में शामिल सिद्धपीठ तीर्थ सतकुंभा धाम में भव्य धार्मिक मेले का आयोजन होगा। मेले में दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे और तीर्थ दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे। मेले को लेकर धाम में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

इस अवसर पर सिद्धपीठ तीर्थ सतकुंभा धाम के पीठाधीश्वर श्रीमहंत राजेश स्वरूप जी महाराज ने श्रद्धालुओं के नाम संदेश देते हुए कहा कि कार्तिक पूर्णिमा सनातन धर्म में विशेष आध्यात्मिक और धार्मिक महत्व रखती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन पवित्र तीर्थों में स्नान, दीपदान, भगवान विष्णु की पूजा और जरूरतमंदों को दान करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। कार्तिक मास को भगवान श्रीहरि विष्णु की आराधना का पवित्र महीना माना गया है और कार्तिक पूर्णिमा इस महीने का अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है। कार्तिक पूर्णिमा केवल स्नान और पूजा का पर्व नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि, सेवा, त्याग और मानव कल्याण की भावना को जीवन में अपनाने का अवसर भी है। श्रद्धालुओं को इस पावन दिन पर अपने परिवार सहित सिद्धपीठ तीर्थ सतकुंभा धाम पहुंचकर मेले में भाग लेना चाहिए और भगवान के चरणों में शीश नवाकर धर्म लाभ प्राप्त करना चाहिए।

धाम के प्रबंधक सूरज शास्त्री ने बताया कि मेले की व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। सत्यवान स्वरूप जी महाराज, सोमबीर, अमन सहित अन्य स्वयंसेवक श्रद्धालुओं की सेवा और व्यवस्थाओं में रात-दिन उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सेवा के लिए सभी स्वयंसेवक पूरी निष्ठा से अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।

About The Author