सोनीपत: हुड्डा ने चुनाव आयोग और भाजपा पर मिलीभगत के आरोप लगाए
सोनीपत: नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा बात करते हुए।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत में शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और भाजपा पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस जब चुनाव आयोग से सवाल पूछती है तो जवाब देने के लिए भाजपा आगे आ जाती है। उन्होंने कहा कि इससे भाजपा और चुनाव आयोग के बीच मिलीभगत की आशंका पैदा होती है। हुड्डा ने दावा किया कि इसी वजह से भाजपा कई चुनाव जीत चुकी है, जिनमें हरियाणा भी शामिल है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने इस संबंध में सबूतों के साथ सवाल उठाए हैं।
हुड्डा सोनीपत के पूर्व विधायक सुरेंद्र पंवार के पिता डॉ. दिलीप सिंह पंवार के निधन पर शोक व्यक्त करने पहुंचे थे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर दिवंगत को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री पंजाब जाते हैं, लेकिन वहां हरियाणा के पानी का मुद्दा नहीं उठाते। उन्होंने दावा किया कि भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड के सिंचाई विभाग में हरियाणा का कोई सदस्य नहीं है। उनका कहना था कि इससे हरियाणा को उसके हिस्से का पानी मिलने में दिक्कत हो रही है।
हुड्डा ने महंगाई को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चीनी और गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से आम लोगों पर बोझ बढ़ा है। उनका दावा है कि 2014 तक हरियाणा पर करीब 70 हजार करोड़ रुपये का कर्ज था, जो भाजपा सरकार के दौरान बढ़कर साढ़े पांच लाख करोड़ रुपये हो गया। आर्थिक स्थिति को लेकर उन्होंने कहा कि हरियाणा की स्थिति पहले के मुकाबले कमजोर हुई है। रबी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी को भी हुड्डा ने नाकाफी बताया। हुड्डा ने दावा किया कि कांग्रेस शासन में फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में औसतन 14 प्रतिशत वार्षिक बढ़ोतरी होती थी, जबकि भाजपा शासन में यह करीब पांच प्रतिशत रही। धान और बाजरे की सरकारी खरीद शुरू नहीं होने से किसानों को कम दाम पर फसल बेचनी पड़ रही है। उनका दावा है कि किसानों को प्रति क्विंटल 400 रुपये तक कम दाम मिल रहे हैं और खरीद पर लगाई गई सीमा के कारण उन्हें मंडियों में इंतजार करना पड़ रहा है।
