October 2, 2026

सोनीपत: खानपुर खुर्द में ट्यूबवेल पर हेरोइन बेचने पहुंचा तस्कर गिरफ्तार

Sonipat: Smuggler arrested while arriving to sell heroin at a tubewell in Khanpur Khurd.

सोनीपत: खानपुर खुर्द में हेरोइन के साथ गिरफ्तार एक युवक।

सोनीपत, अजीत कुमार। हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की सोनीपत इकाई ने गांव खानपुर खुर्द में कार्रवाई करते हुए 10.75 ग्राम हेरोइन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने खेत में बने ट्यूबवेल के कमरे में नशीला पदार्थ बेचने की फिराक में खड़ा था। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना बरौदा में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इकाई प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने बताया कि टीम गोहाना रोड पर नशा-रोधी गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि खानपुर खुर्द निवासी अमित हेरोइन बेचने का काम करता है और बिटाना-खानपुर रोड स्थित अपने खेत के ट्यूबवेल पर नशीला पदार्थ लेकर मौजूद है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर बताए गए हुलिए के युवक को काबू किया। पूछताछ में उसने अपना नाम अमित बताया। पुलिस के अनुसार राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में आरोपी की तलाशी ली गई। उसकी पेंट की जेब से नशीला पदार्थ बरामद हुआ। तौल करने पर उसका वजन 10.75 ग्राम निकला। पदार्थ की पहचान हेरोइन के रूप में की गई। इस संबंध में थाना बरौदा में एक अक्टूबर 2026 को एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी से हेरोइन की आपूर्ति के स्रोत और इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है। उन्होंने लोगों से नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी की सूचना पुलिस को देने की अपील की है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

About The Author