सोनीपत: आईपीएससी चैंपियन बना एमएनएसएस राई, पांच खिलाड़ी नेशनल के लिए चयनित
आईपीएससी चैंपियन बना एमएनएसएस राई, पांच खिलाड़ी नेशनल के लिए चयनित।
सोनीपत, अजीत कुमार। राई स्थित मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय (एमएनएसएस) की बालिका हॉकी टीम ने हिसार के विद्या देवी जिंदल स्कूल में 6 से 11 जुलाई 2026 तक आयोजित अखिल भारतीय आईपीएससी अंडर-19 बालिका हॉकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में सभी मुकाबले जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की।
प्रतियोगिता में देश के सात प्रतिष्ठित विद्यालयों ने भाग लिया। लीग चरण में एमएनएसएस राई ने पहले मुकाबले में मेयो कॉलेज गर्ल्स, अजमेर को 4-0 से हराया। दूसरे मैच में किट्टूर रानी सैनिक स्कूल को 6-0 से शिकस्त दी, जबकि तीसरे मुकाबले में मेजबान विद्या देवी जिंदल स्कूल, हिसार को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
सेमीफाइनल में राई की टीम ने महारानी गायत्री देवी स्कूल, जयपुर को 7-0 से एकतरफा मुकाबले में हराकर फाइनल में जगह बनाई। खिताबी मुकाबले में एक बार फिर विद्या देवी जिंदल स्कूल, हिसार से सामना हुआ, जहां एमएनएसएस राई ने 2-0 की शानदार जीत दर्ज कर चैंपियनशिप अपने नाम कर ली।
प्रतियोगिता में एमएनएसएस राई की खिलाड़ी मुस्कान को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी तथा परी को सर्वश्रेष्ठ स्कोरर का पुरस्कार मिला। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय की पांच खिलाड़ियों—उमंग, मुस्कान, अंशिका, जानवी और दीपिका—का स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है।
विद्यालय की प्राचार्य एवं निदेशक दिनेश कुमारी तथा खेल अधिकारी चंद्रशेखर शर्मा ने टीम, प्रशिक्षकों और अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने टीम की कोच सुप्रीत कौर के योगदान की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी हरियाणा और देश का नाम रोशन करेंगी।
