सोनीपत मेयर राजीव जैन: बरसात में जलभराव रोकने को मेयर का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
सोनीपत: बरसात में जलभराव रोकने को मेयर राजीव जैन निरीक्षण करते हुए।
सोनीपत, अजीत कुमार। शहर में लगातार हो रही बारिश के बीच जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम के मेयर राजीव जैन ने निगम अधिकारियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शहर के प्रमुख डिस्पोजलों, पंपिंग स्टेशनों और जलभराव वाले इलाकों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मेयर राजीव जैन ने उपमंडल अभियंता मंजीत दहिया, कनिष्ठ अभियंता विकास कुमार तथा पूर्व पार्षद मुकेश सैनी के साथ शंभूदयाल डिस्पोजल, सेक्टर-23 डिस्पोजल और ककरोई रोड स्थित मुख्य पंपिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक मोटर खराब मिली, जिस पर अधिकारियों ने बताया कि नई मोटर मंगवा ली गई है और उसे शीघ्र स्थापित कर दिया जाएगा। वहीं, लहराड़ा बाईपास स्थित पंप की केबल जल जाने पर तत्काल मिस्त्री बुलाकर मरम्मत कार्य शुरू कराया गया।
मेयर ने पंचायत भवन वाली गली, सूरी पेट्रोल पंप वाली गली तथा जैन बाग कॉलोनी में टैंकरों के माध्यम से जमा बारिश का पानी निकलवाने के निर्देश दिए। सेक्टर-23 की मुख्य सड़क पर जलभराव देखने के बाद उन्होंने बरसाती पानी की जालियों की सफाई तथा सीवर व्यवस्था को दुरुस्त करने के आदेश दिए।

इससे पहले उन्होंने ड्रेन नंबर-6 के समीप स्थित शिव कॉलोनी और चावला कॉलोनी में लगी मोटरों का निरीक्षण किया तथा पंपिंग स्टेशन के टैंक में जमा कचरा तुरंत हटाने के निर्देश दिए। मेयर ने कहा कि बरसात के मौसम में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए ट्रैक्टरों पर पंप सेट की वैकल्पिक व्यवस्था भी की गई है, ताकि जलभराव की स्थिति में तुरंत पानी निकाला जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सक्रिय रखी जाएं।
