June 25, 2026

सोनीपत: कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनआशीर्वाद से भाजपा की लगातार जीत: बड़ौली

BJP's consecutive victories due to the hard work of party workers and the blessings of the people Baroli

कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनआशीर्वाद से भाजपा की लगातार जीत: बड़ौली

सोनीपत, अजीत कुमार। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित और मेहनती कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और जनता के आशीर्वाद के बल पर ही भाजपा लगातार चुनावी सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी समर्पण और मेहनत के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है। वहीं हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा ने लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर नया इतिहास रचा है।

पंडित बड़ौली ने कहा कि भाजपा की जनहितकारी नीतियों, पारदर्शी कार्यशैली और विकासोन्मुखी योजनाओं के कारण जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। इसका प्रमाण हाल ही में हुए नगर निगम और नगर निकाय चुनावों में मिली शानदार जीत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा बूथ स्तर तक पार्टी का विस्तार और सशक्त होगा।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार बिना किसी भेदभाव के विकास कार्यों को गति दे रही है। युवाओं को योग्यता के आधार पर रोजगार के अवसर मिल रहे हैं, महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं और किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

पंडित बड़ौली ने 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का काला अध्याय बताते हुए कहा कि उस दौर में लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों का दमन किया गया था। उन्होंने कहा कि भाजपा इस दिन को संविधान हत्या दिवस के रूप में मना रही है ताकि नई पीढ़ी को लोकतंत्र की रक्षा के महत्व से अवगत कराया जा सके।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, विधायक निखिल मदान, मेयर राजीव जैन, जिला महामंत्री नीरज कुमार, पूर्व मंत्री कविता जैन सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

About The Author