30 जून तक टैक्स छूट का मौका: अवकाश के दिनों में भी खुलेंगे नगर निगम कार्यालय
सोनीपत: अवकाश के दिनों में भी खुलेंगे नगर निगम कार्यालय।
सोनीपत, अजीत कुमार। नगर निगम सोनीपत ने प्रॉपर्टी करदाताओं को राहत देते हुए 27, 28 और 29 जून को सरकारी अवकाश के बावजूद निगम कार्यालय और नागरिक सुविधा केंद्र खुले रखने का निर्णय लिया है। यह फैसला उन नागरिकों की सुविधा के लिए लिया गया है जो प्रॉपर्टी टैक्स पर मिल रही ब्याज माफी योजना का लाभ उठाना चाहते हैं। योजना की अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित है।
नगर निगम मेयर राजीव जैन ने बताया कि इन तीन दिनों के दौरान प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने के साथ-साथ नो ड्यूज सर्टिफिकेट (एनडीसी) से संबंधित सभी कार्य भी नियमित रूप से किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा लागू सौ प्रतिशत ब्याज माफी योजना समाप्त होने में अब बहुत कम समय शेष है, इसलिए नागरिकों को अधिकतम सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से यह विशेष व्यवस्था की गई है।
मेयर के निर्देश पर निगम आयुक्त हर्षित कुमार ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को इन दिनों कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के आदेश जारी कर दिए हैं ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
राजीव जैन ने शहरवासियों से अपील की कि वे इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाकर अपने लंबित प्रॉपर्टी टैक्स का भुगतान कर दें। उन्होंने चेतावनी दी कि 30 जून के बाद बकाया राशि पर ब्याज सहित वसूली की जाएगी। साथ ही सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार एक लाख रुपये से अधिक बकाया वाले संपत्ति धारकों की संपत्तियों को सील करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
मेयर ने बताया कि नगर निगम का वार्षिक प्रॉपर्टी टैक्स संग्रह लक्ष्य 40 करोड़ रुपये है। अप्रैल और मई 2026 के दौरान लगभग 5 करोड़ रुपये का कर संग्रह हुआ, जबकि ब्याज माफी योजना लागू होने के बाद करीब सवा दो करोड़ रुपये अतिरिक्त जमा हुए हैं। निगम प्रशासन को उम्मीद है कि 30 जून तक बड़ी संख्या में करदाता योजना का लाभ उठाकर अपना टैक्स जमा करेंगे, जिससे राजस्व संग्रह में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी।
