सोनीपत खबर: सोनीपत में राष्ट्रीय राजमार्गों पर दुर्घटना रोकने के लिए अवैध कट बंद
सोनीपत: पुलिस उपायुक्त यातायात सोनीपत नरेंद्र कादयान बैठक की अध्यक्षता करते हुए।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और राष्ट्रीय राजमार्गों पर दुर्घटनाएं कम करने के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त यातायात सोनीपत नरेंद्र कादयान की अध्यक्षता में मिनी सचिवालय के सम्मेलन कक्ष में पुलिस विभाग और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर आवश्यक निर्देश जारी किए गए।
पुलिस उपायुक्त नरेंद्र कादयान ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर ढाबों, दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सामने बने सभी अवैध कट स्थायी रूप से बंद कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बंद किए गए कट दोबारा खोले जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर कुंडली बॉर्डर से हल्दाना बॉर्डर तक पैदल यात्रियों द्वारा मध्य पट्टी की लोहे की जाली फांदकर सड़क पार करने की घटनाओं पर चिंता जताई गई। अधिकारियों को जाली की ऊंचाई बढ़ाने, क्षतिग्रस्त जालियों की मरम्मत कराने, उन पर ग्रीस लगाने तथा संवेदनशील स्थानों पर पैदल ऊपरी पुल निर्माण की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए गए। सड़क चिह्न, संरक्षक खंभे, परावर्तक संकेतक, सूचना पट्ट और अन्य सुरक्षा उपकरणों की स्थापना व मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा गया। बहालगढ़, मुरथल और गन्नौर पुल के नीचे अवैध वाहन खड़े करने पर रोक लगाने, सेवा मार्गों से अतिक्रमण हटाने तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधार कार्य तेज करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रत्येक टोल प्लाजा पर मार्ग गश्त वाहन, चिकित्सा वाहन और क्रेन की 24 घंटे उपलब्धता सुनिश्चित करें ताकि दुर्घटना की स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू हो सके। घायलों को निकटतम पैनल अस्पताल में भर्ती कर प्रधानमंत्री राहत योजना और गोल्डन आवर योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय राजमार्गों पर अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने, उन्हें लगातार चालू रखने तथा जरूरत पड़ने पर फुटेज तुरंत पुलिस को उपलब्ध कराने को भी कहा गया। सड़क पर मलबा, अवरोध और आवारा पशुओं जैसी बाधाओं को तुरंत हटाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सहायक पुलिस आयुक्त यातायात जसपाल सिंह, निरीक्षक जय भगवान, उप निरीक्षक राजेश, निरीक्षक धर्मवीर सिंह, नवनीत कौर, मंजीत, अमित, हरवीर सिंह, एस. के. घोष, जगदीश कुमार, प्रांजल मिश्रा और अनुज मलिक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
