June 15, 2026

सीवरेज व्यवस्था सुधारें वरना होगी सख्त कार्रवाई: मेयर राजीव जैन ने ठेकेदारों को दी चेतावनी

Improve the sewerage system or face strict action Mayor Rajiv Jain warns contractors.

सोनीपत: मेयर राजीव जैन ने ठेकेदारों को दी चेतावनी।

सोनीपत, अजीत कुमार। शहर में लगातार बनी हुई सीवरेज समस्याओं को लेकर नगर निगम मेयर राजीव जैन ने सीवरेज लाइन के संचालन एवं रखरखाव का कार्य देख रहे ठेकेदारों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम द्वारा सीवरेज व्यवस्था की खराब स्थिति को देखते हुए मेसर्स केतन इंटरप्राइजेज को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद कंपनी के मालिक केतन आनंद अपनी टीम के साथ नगर निगम कार्यालय पहुंचे, जहां मेयर राजीव जैन, नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार और कार्यकारी अभियंता राहुल पुनिया की मौजूदगी में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अधिकारियों ने सीवरेज व्यवस्था को लेकर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि नगर निगम कार्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में सीवर जाम और जलभराव की शिकायतें पहुंच रही हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मेयर राजीव जैन ने बताया कि मयूर विहार, शास्त्री कॉलोनी, इंडियन कॉलोनी, गढ़ी ब्राह्मणान, रवि धर्मकांटा वाली गली, ब्रह्म नगर, दहिया कॉलोनी, कीर्ति नगर, कालूपुर, मोहन नगर और नरेंद्र नगर सहित कई क्षेत्रों में लंबे समय से सीवर जाम की समस्या बनी हुई है। उन्होंने ठेकेदारों से सवाल किया कि यदि एक वर्ष बाद भी हालात नहीं सुधरे तो समस्या का समाधान कब होगा।

बैठक में ठेकेदारों ने आश्वासन दिया कि रात के समय मुख्य सीवरेज लाइनों की सफाई कराई जाएगी तथा दिन में गली-मोहल्लों से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।

मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्य सीवरेज लाइनों की सफाई उनकी निगरानी में कराई जाए और शहर के सभी मुख्य पंपिंग स्टेशन एवं डिस्पोजल केंद्र सुचारु रूप से कार्य करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सीवरेज व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों को भी बख्शा नहीं जाएगा।

About The Author