वायुसेना अधिकारी की पत्नी ने लगाया दुष्कर्म: ब्लैकमेल और जबरन धर्मांतरण का आरोप, दो गिरफ्तार
आरोपी कलमा पढ़ते हुए महिला पर फूंक मार रहा था। महिला के गुहार लगाने के बावजूद वह उसके हाथ नहीं छोड़ता है।
नागपुर, जीजेडी न्यूज। महाराष्ट्र के नागपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां भारतीय वायुसेना के एक अधिकारी की 24 वर्षीय पत्नी ने अपने पूर्व सहपाठी पर दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, जबरन वसूली और जबरन धर्मांतरण का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी मौलाना अभी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता के पति भारतीय वायुसेना में कार्यरत हैं और वर्तमान में दूसरे शहर में तैनात हैं। पीड़िता प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करती है। शिकायत के मुताबिक फरवरी 2025 में उसके स्कूल के पूर्व सहपाठी अयाज ताज मदारे ने प्लॉट खरीदने के बहाने उससे संपर्क किया। आरोप है कि अयाज ने उसे वर्धा रोड स्थित एक होटल में बुलाया, जहां नशीला पदार्थ मिलाकर पेय पदार्थ पिलाया गया। बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया गया तथा आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए गए।
पीड़िता का आरोप है कि बाद में इन्हीं वीडियो के माध्यम से उसे ब्लैकमेल किया गया और कई बार यौन शोषण किया गया। साथ ही उससे करीब चार लाख रुपये भी वसूले गए। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया गया और विभिन्न धार्मिक गतिविधियों में शामिल होने के लिए मजबूर किया गया।
शिकायत के अनुसार 31 मई को आरोपी उसे नागपुर के निकट कलमेश्वर क्षेत्र में ले गया, जहां उसकी मुलाकात दो अन्य लोगों से कराई गई। महिला का आरोप है कि वहां उसे उसकी इच्छा के विरुद्ध धार्मिक प्रक्रिया में शामिल किया गया और कथित रूप से जबरन कुछ धार्मिक शब्द कहलवाए गए।
पीड़िता ने बताया कि 12 जून को पति के घर लौटने पर उसने पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, जबरन वसूली, जबरन धर्मांतरण तथा संबंधित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर फोरेंसिक जांच कराई जा रही है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।
