June 15, 2026

सोनीपत: योग मैराथन के विजेताओं को विधायक ने सम्मानित किया

Sonipat MLA felicitates Yoga marathon winners.

सोनीपत: योग मैराथन को हरि झंडी दिखा कर रवाना करते हुए विधायक निखिल मदान, दौड़ते धावक।

सोनीपत, अजीत कुमार। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन और आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को लघु सचिवालय से जिला स्तरीय योग मैराथन का आयोजन किया गया। मैराथन का शुभारंभ सोनीपत विधायक निखिल मदान ने हरी झंडी दिखाकर किया। इसमें युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, खिलाड़ियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने योग को घर-घर पहुंचाने और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।

विधायक निखिल मदान ने कहा कि योग स्वस्थ जीवनशैली का आधार है और योगयुक्त-नशामुक्त समाज के निर्माण में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। केंद्र और प्रदेश सरकार का लक्ष्य स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत का निर्माण करना है, जिसमें योग प्रभावी माध्यम साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पूरी दुनिया में मनाया जाता है। करोड़ों लोग योग अपनाकर स्वस्थ जीवन की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें योग शिविर, प्रदर्शनी, जनसंवाद और जागरूकता अभियान शामिल हैं।

विधायक ने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा योग और खेल गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए स्वस्थ नागरिकों की भागीदारी आवश्यक है। इस अवसर पर मैराथन के विजेताओं को सम्मानित भी किया गया। योग मैराथन लघु सचिवालय से शुरू होकर हैबीटेट क्लब रोड, महलाना रोड, तिरंगा चौक और छोटूराम चौक से होते हुए पुनः लघु सचिवालय पहुंचकर संपन्न हुई। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ योग और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

प्रतियोगिता में चालीस वर्ष तक के पुरुष वर्ग में बसंत प्रथम, तनुज द्वितीय और अश्वनी तृतीय रहे। महिला वर्ग में भारती प्रथम, अंशिका द्वितीय तथा गुंजन तृतीय स्थान पर रहीं। चालीस वर्ष से अधिक आयु के पुरुष वर्ग में अमित मास्टर प्रथम, दयानंद द्वितीय और जसबीर खत्री तृतीय रहे। महिला वर्ग में प्रोमिला आंतिल प्रथम तथा मंजीत द्वितीय स्थान पर रहीं। इस अवसर पर डीसीपी नरेन्द्र कादियान, एसडीएम सुभाष चंद्र, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. रामावतार, जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार, योग कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. संजय शर्मा तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author