सोनीपत: राज्य स्तरीय योग ओलंपियाड में चयनित दस विद्यार्थी सम्मानित किए
सोनीपत: राष्ट्रीय कवि ऋषिपाल भदाना मेद्यावी छात्रों को आशीर्वाद देते हुए।
सोनीपत, अजीत कुमार। गांव भदाना स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में राज्य स्तरीय योग ओलंपियाड प्रतियोगिता के लिए दस विद्यार्थियों के चयन पर सम्मान समारोह शनिवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्या डॉ. सुमन लता ने की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि राष्ट्रीय कवि ऋषिपाल भदाना रहे। विद्यालय स्टाफ ने पीटीआई महेंद्र सिंह और चयनित विद्यार्थियों का फूलमालाओं से स्वागत किया।
जिला स्तरीय योग ओलंपियाड प्रतियोगिता 22 मई 2026 को राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल, बीसवां मील राई, सोनीपत में आयोजित हुई थी। प्रतियोगिता में विद्यालय के 10 विद्यार्थियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्थान बनाया।
मुख्य अतिथि ऋषिपाल भदाना ने कहा कि खेल और योग केवल शारीरिक विकास ही नहीं करते, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य, अनुशासन और सामाजिक कौशल को भी मजबूत बनाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे और बुरी संगत से दूर रहने तथा सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का संदेश दिया। उन्होंने अपनी देशभक्ति कविताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रेरित भी किया। कार्यक्रम का मंच संचालन हिंदी प्रवक्ता सविता ने किया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित विद्यार्थियों में हर्ष, तनुज, कार्तिक, कपिल, सिया, वर्षा, ऋषि, चिराग, जयदीप और निधि शामिल रहे। समारोह में विद्यालय के सभी स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
