सोनीपत: नगर निगम चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना, तैयारी पूरी
सोनीपत: मतदान केंद्रों के लिए जाते हुए अधिकारी कर्मचारी।
- एक मेयर, 22 वार्ड पार्षद, 264 मतदान केंद्र, दो लाख 96 हजार 45 मतदाता
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत नगर निगम आम चुनाव-2026 को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से कराने के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शनिवार को बिट्स मोहाना से मतदान दलों को उनके संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों को ईवीएम, वीवीपैट और अन्य जरूरी मतदान सामग्री वितरित की गई। अधिकारियों ने रवाना होने से पहले मतदान कर्मियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि जिले में कुल 264 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सुरक्षा, पेयजल, बिजली, बैठने की व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार सभी मतदान दलों को ईवीएम और वीवीपैट के संचालन, मतदान प्रक्रिया और मतदाताओं की सहायता से जुड़ी जानकारी दी गई।
नगर निगम क्षेत्र के 22 वार्डों में कुल दो लाख 96 हजार 45 मतदाता मतदान करेंगे। इनमें एक लाख 53 हजार 380 पुरुष, एक लाख 42 हजार 658 महिला और सात अन्य मतदाता शामिल हैं। सभी मेयर और पार्षद पद के उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। प्रशासन ने मतदान प्रक्रिया को सुचारू रखने के लिए सभी केंद्रों पर विशेष निगरानी की व्यवस्था की है।
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर स्थिति पर नजर रखी जाएगी।
इस दौरान शुगर मिल सोनीपत की प्रबंध निदेशक डॉ अनमोल, भगत फूल सिंह मेडिकल कॉलेज के अतिरिक्त निदेशक सुरेंद्र दून, डीडीपीओ मनीष मलिक, तहसीलदार कीर्ति सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
