April 30, 2026

सोनीपत क्राइम: खरखौदा में पिकअप से छह लाख 50 हजार रुपये की शराब बरामद

Sonepat Liquor worth Rs 6.5 lakh recovered from a pickup in Kharkhoda

सोनीपत: पकड़ी गई अवैध शराब की जांच में लगे पुलिस कर्मी।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत जिले के खरखौदा क्षेत्र में बुधवार की देर रात पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर शराब से भरी पिकअप गाड़ी पकड़ ली और करीब छह लाख 50 हजार रुपये कीमत की अवैध शराब बरामद की। गाड़ी का चालक पुलिस को देखकर फरार हो गया, जबकि मौके से दो युवकों को गिरफ्तार किया गया।

थाना खरखौदा पुलिस टीम निरीक्षक पवन कुमार के नेतृत्व में उप निरीक्षक संजय और अन्य स्टाफ के साथ खांडा रोड बाईपास पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गांव चौलका के शराब ठेके के पास एक गाड़ी में अवैध शराब भरी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दबिश दी। गांव चौलका में ठेके के सामने खड़ी गाड़ी मिली।

गाड़ी के पास खड़े दो युवकों ने अपनी पहचान मटिंडू निवासी अजय और रोहतक निवासी रोहतक के रूप में बताई। गाड़ी की बॉडी पर ताला लगा था और दोनों युवक चाबी के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसी बीच चालक पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तुरंत आबकारी विभाग के निरीक्षक अश्वनी को मौके पर बुलाकर जांच करवाई। जांच में गाड़ी से 180 पेटी शराब बरामद हुई, जिनमें संतरा, नाइट ब्लू और रेस-7 ब्रांड शामिल हैं। आबकारी विभाग की जांच में शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज, लाइसेंस या परमिट नहीं मिला। इसके बाद पूरी खेप को अवैध घोषित किया गया। पुलिस ने अलग-अलग ब्रांड की शराब के सैंपल लेकर सील किए और बाकी शराब को गाड़ी सहित कब्जे में ले लिया।

पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थाना खरखौदा में मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच उप निरीक्षक दिनेश को सौंपी गई है। फरार चालक की तलाश जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध शराब के पीछे कौन सा गिरोह सक्रिय है।

About The Author