April 22, 2026

सोनीपत क्राइम: चंडीगढ़ में गैंगस्टर और पुलिस के बीच मुठभेड़, आरोपी घायल

Encounter between gangster and police in Chandigarh, accused injured

मौके पर फोरेंसिक टीम जांच के लिए पहुंची दूसरे फोटो में एनकाउंटर के बाद आरोपी को चंडीगढ़ के सेक्टर-16 अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सोनीपत, अजीत कुमार। चंडीगढ़ सिटी में बुधवार सुबह हरियाणा के एक गैंगस्टर और चंडीगढ़ पुलिस की ऑपरेशन सेल टीम के बीच मुठभेड़ हुई। दोनों तरफ से करीब 5 राउंड फायरिंग हुई। बाद में पुलिस ने आरोपी को काबू कर लिया। आरोपी की पहचान मुकेश गोलू के रूप में हुई, जो हरियाणा के गोहाना का रहने वाला है। मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी। उसे घायल हालत में सेक्टर-16 के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के मुताबिक, पहले से सूचना थी कि आरोपी चंडीगढ़ में किसी वारदात को अंजाम देने आ रहा है। इसके बाद पुलिस ने सेक्टर-25 के रैली ग्राउण्ड के पास घेराबंदी की। जानकारी के अनुसार, आरोपी अपनी बहन के घर आया हुआ था। जैसे ही पुलिस ने उसे घेरा, उसने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की। कुल 5 राउण्ड फायर हुए, जिनमें 3 आरोपी और 2 पुलिस की ओर से चलाए गए। इसी दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी और वह गिर गया। पुलिस ने मौके पर उसे पकड़ लिया। घटनास्थल से 5 खोखे बरामद हुए हैं। पुलिस ने हथियार और अन्य सामान भी जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी अवैध हथियारों की सप्लाई करता था। वह मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से हथियार लाकर पंजाब और हरियाणा में सप्लाई करता था। उसके खिलाफ चंडीगढ़ के थाना मलोया में 2021 में हथियार तस्करी का मामला दर्ज है। वह पुलिस का वांछित था और उसे पीओ घोषित किया गया था।

मौके पर डीएसपी दलबीर सिंह और ऑपरेशन सेल के इंस्पेक्टर सतविंदर सिंह मौजूद रहे। मुठभेड़ सुबह करीब 6 बजे हुई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले की पूरी जानकारी साझा की जाएगी।

About The Author