सोनीपत: गुर्जर महासभा में निशांत छोक्कर बने युवा प्रदेश अध्यक्ष
अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के युवा प्रदेश अध्यक्ष निशांत छोक्कर।
सोनीपत, अजीत कुमार। गन्नौर मार्केट कमेटी के चेयरमैन निशांत छोक्कर को अखिल भारतीय गुर्जर महासभा का युवा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के बाद क्षेत्र और समाज में खुशी का माहौल है। समर्थकों और समाज के लोगों ने उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
निशांत छोक्कर ने अपनी नियुक्ति पर संगठन के संरक्षक डा. यशवीर सिंह, अध्यक्ष हरिशचंद भाटी और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व हरियाणा प्रभारी महावीर सिंह छोक्कर सहित सभी पदाधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसे वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे।
उन्होंने साफ कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य युवाओं को संगठन से जोड़ना और समाज के उत्थान के लिए ठोस काम करना रहेगा। इसके लिए वे गांव-गांव जाकर युवाओं से संवाद करेंगे और उन्हें संगठन की गतिविधियों से जोड़ेंगे। निशांत ने यह भी भरोसा दिलाया कि समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने की कोशिश की जाएगी।
उन्होंने कहा कि गुर्जर समाज में एकता और भाईचारा मजबूत करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। आपसी मतभेद खत्म कर सभी को एक मंच पर लाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। समाज के विकास के लिए शिक्षा, रोजगार और जागरूकता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
नियुक्ति के बाद उनके समर्थकों ने खुशी जताई और कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई दिशा मिलेगी। लोगों को उम्मीद है कि वे युवाओं की आवाज बनकर समाज के हित में काम करेंगे और संगठन को मजबूत बनाएंगे।
