सोनीपत: एसई के विवादित बयान पर किसान-जाट समाज का विरोध प्रदर्शन
सोनीपत: विरोध में सड़को पर झोटा लेकर प्रदर्शन करते हुए मिनी सचिवालय जाते लोग।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत में बिजली निगम के एसई गीतू राम तंवर के कथित विवादित बयान जाट-झोट्टा जहां मिलेगा, वहीं लट्ठ मारूंगा को लेकर किसानों और जाट समाज में भारी है। शुक्रवार को इस मुद्दे पर छोटू राम धर्मशाला में बैठक की गई, जिसमें किसान और समाज के लोग शामिल हुए। बैठक में अधिकारी पर आपत्तिजनक शब्दों के प्रयोग का आरोप लगाते हुए कड़ी नाराजगी जताई गई। झोटा लेकर मिनी सचिवालय पहुंच गए।
बैठक के बाद किसान सड़कों पर उतर आए और विरोध दर्ज कराने के लिए झोट्टा लेकर मिनी सचिवालय पहुंचे। यह प्रदर्शन पूरी तरह प्रतीकात्मक था, जिसके माध्यम से लोगों ने प्रशासन का ध्यान मामले की ओर आकर्षित करने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ रोष व्यक्त करते हुए तुरंत कार्रवाई की मांग उठाई। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि किसी भी समाज के खिलाफ इस प्रकार की टिप्पणी अस्वीकार्य है और इससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि ऐसी भाषा से समाज की भावनाएं आहत होती हैं, इसलिए दोषी अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है। उपस्थित लोगों ने एक स्वर में निष्पक्ष जांच की मांग की।
प्रदर्शन के बाद किसानों का प्रतिनिधिमंडल मिनी सचिवालय पहुंचा और प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि संबंधित अधिकारी के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
ज्ञापन में जाट समाज की ओर से कहा गया कि समाज हमेशा देश सेवा, खेती और सामाजिक कार्यों में अग्रणी रहा है। ऐसे में किसी भी प्रकार की अपमानजनक टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों और समाज के लोगों ने स्पष्ट किया कि यदि शीघ्र सख्त कदम नहीं उठाए गए तो विरोध प्रदर्शन तेज किया जाएगा।
