युवाओं को मिल रही सही दिशा: सोनीपत में निशुल्क करियर काउंसलिंग से संवर रहा भविष्य
सोनीपत, अजीत कुमार। युवाओं को सही मार्गदर्शन देकर उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से महाराजा अग्रसेन समाज कल्याण समिति द्वारा अग्रसेन भवन में साप्ताहिक निशुल्क करियर काउंसलिंग सत्र आयोजित किया गया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को समय पर सही दिशा देना और उन्हें अपने करियर के प्रति जागरूक बनाना है।
समिति के संजय सिंगला ने बताया कि आज के प्रतिस्पर्धी युग में उचित मार्गदर्शन का अभाव कई बार विद्यार्थियों को भ्रमित कर देता है। ऐसे में यह काउंसलिंग सत्र उनके लिए मार्गदर्शक का कार्य कर रहा है। सत्र में करियर काउंसलर डॉ. मोहित बंसल और सेवानिवृत्त अधिकारी एस.सी. ने विद्यार्थियों व अभिभावकों से संवाद कर उनकी शंकाओं का समाधान किया।
विद्यार्थियों को 10वीं और 12वीं के बाद उपलब्ध करियर विकल्पों, उभरते क्षेत्रों, कौशल विकास और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही अभिभावकों को सलाह दी गई कि वे बच्चों पर अपनी इच्छाएं थोपने के बजाय उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें।
वन-टू-वन काउंसलिंग के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी समस्याओं का समाधान पाकर संतोष जताया और अपने भविष्य को लेकर स्पष्टता हासिल की। समिति के प्रधान टीकाराम मित्तल के अनुसार, इस अभियान से अब तक हजारों विद्यार्थी लाभान्वित हो चुके हैं। यह पहल न केवल युवाओं को दिशा दे रही है, बल्कि समाज में शिक्षा और जागरूकता को भी मजबूत बना रही है।
