March 29, 2026

सोनीपत: विधायक कादियान ने आधुनिक लाइब्रेरी और तीन विकास कार्य शुरू करवाए

Sonipat: MLA Kadian inaugurated a modern library and three development works.

सोनीपत: विधायक देवेंद्र कादियान का स्वागत करते हुए चिरसमी वासी।

सोनीपत, अजीत कुमार। गन्नौर के गांव चिरस्मी में अब प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को कोचिंग के लिए शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा। गांव में मंदिर के सामने आधुनिक सुविधाओं से युक्त लाइब्रेरी का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना पर लगभग 25 लाख 41 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे, जहां छात्र शांत वातावरण में पढ़ाई कर सकेंगे और उन्हें शहरों जैसी सुविधाएं गांव में ही उपलब्ध होंगी।

रविवार को गन्नौर के विधायक देवेंद्र कादियान ने नारियल फोड़कर लाइब्रेरी निर्माण की आधारशिला रखी। इस दौरान गांव में दो अन्य विकास कार्यों की भी शुरुआत की गई। सुरेश के खेत से करनैल तक जाने वाले रास्ते को 14 लाख 84 हजार रुपये की लागत से पक्का किया जाएगा। वहीं अमरजीत से उमेद के खेत तक जाने वाले मार्ग का निर्माण लगभग नौ लाख 97 हजार रुपये से किया जाएगा। इन कार्यों से ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम में पहुंचने पर सरपंच जसबीर तूर और ग्रामीणों ने विधायक का फूलमालाओं और पगड़ी से स्वागत किया। विधायक ने कहा कि उनकी प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना है ताकि गांव के युवाओं को आगे बढ़ने के समान अवसर मिल सकें। उन्होंने बताया कि हाईटेक लाइब्रेरी बनने से विशेष रूप से छात्राओं को सुरक्षित और बेहतर अध्ययन वातावरण मिलेगा, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी। उन्होंने कहा कि खेतों के रास्ते पक्के होने से किसानों और ग्रामीणों की दैनिक आवाजाही आसान होगी। सरकार के सहयोग से हर गांव तक विकास पहुंचाना उनका लक्ष्य है और इसी दिशा में लगातार काम जारी है। इस अवसर पर पंचायती राज एसडीओ सचिन कुमार, एबीपीओ राजेश कुमार और अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।

About The Author