March 23, 2026

सोनीपत: बिजनेस लालच में साइबर ठगी, पांच आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार

Sonepat Cyber ​​fraud for business greed, five accused arrested from Rajasthan

सोनीपत: राजस्थान से गिरफ्तार साइबर ठग।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत पुलिस ने बिजनेस के नाम पर पैसे कमाने का झांसा देकर तीन लाख 73 हजार रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतर-राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को राजस्थान के कोटा, मोखापोड़ा और झालावाड़ से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मोबाइल फोन, दो डेबिट कार्ड, एक पासबुक और 65 सौ रुपये नगद बरामद किए गए हैं, जबकि दो लाख तीन हजार 60 रुपये की राशि बैंक खातों में फ्रीज करवाई गई है।

पुलिस के अनुसार 23 दिसंबर 2025 को सोनीपत निवासी एक महिला ने थाना साइबर में शिकायत दी। महिला ने बताया कि 16 दिसंबर को वह टेलीग्राम चला रही थी, तभी उसे बिजनेस का ऑफर मिला। लिंक पर क्लिक करने के बाद एक महिला से बातचीत हुई, जिसने होटल और रेस्टोरेंट को ऑनलाइन लाइक करने के बदले कमाई का झांसा दिया। शुरुआत में विश्वास बनाने के लिए उसके खाते में छोटी-छोटी रकम भेजी गई, जिससे महिला भरोसे में आ गई।

इसके बाद अलग-अलग बहानों से उससे विभिन्न खातों में लगभग दो लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए। जब महिला ने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने खाते के फ्रीज होने का बहाना बनाकर और रकम मांगनी शुरू कर दी। शक होने पर महिला ने पैसे देने से मना किया, तब ठगी का खुलासा हुआ। थाना साइबर की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

सोनीपत पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अंजान लिंक, कॉल या संदेश पर भरोसा न करें। निवेश संबंधी प्रस्तावों की स्वयं जांच करें और लालच में आकर पैसे न भेजें। साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

About The Author