सोनीपत: तीन मेडल जीतकर लौटे एथलीट का शव ट्रैक पर मिला
सोनीपत: खेलो इंडिया में महिला एंकर के साथ एथलीट फूल कुंवार रजत पदक लिए हुए फाइल फोटो।
सोनीपत, अजीत कुमार। जिला भिवानी निवासी तरराष्ट्रीय एथलीट फूल कुंवार (70) की मौत हो गई। उम्र के इस पड़ाव पर भी खेल के मैदान में सक्रिय रहकर देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ी तीन मेडल जीतकर लौट रहे थे, लेकिन उनका यह सफर अधूरा रह गया। कालका-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस में सफर के दौरान उनका शव सोनीपत के राठधाना और नरेला के बीच रेलवे ट्रैक पर मिलने से मामला रहस्यमय बन गया है।
जानकारी के अनुसार फूल कुंवार चंडीगढ़ से दिल्ली होते हुए अपने घर भिवानी जा रहे थे। वे कालका-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस में सवार थे। बताया जा रहा है कि जब ट्रेन सोनीपत पार कर राठधाना स्टेशन के पास पहुंची, तभी उनका शव रेलवे ट्रैक पर मिला। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि या तो ट्रेन के दरवाजे से गिरने के कारण हादसा हुआ या किसी ने धक्का दिया, हालांकि अभी किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं हुई है। फूल कुंवार 21 और 22 मार्च को चंडीगढ़ में आयोजित खेलो इंडिया प्रतियोगिता में हिस्सा लेने गए थे। उन्होंने हाई जंप और हैमर थ्रो में स्वर्ण पदक तथा शॉट पुट में रजत पदक जीते थे। तीन पदक जीतकर वे बेहद खुश थे और घर लौट रहे थे, लेकिन यह खुशी मातम में बदल गई।
उनका खेल जीवन बेहद शानदार रहा। 1978 से 1986 के बीच उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सैकड़ों पदक जीते। 1982 में बांस कूद में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। जर्मनी, मलेशिया, चीन और जापान में भारत का प्रतिनिधित्व कर कई स्वर्ण पदक हासिल किए।
सोनीपत जीआरपी पुलिस ने सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। परिजनों ने ट्रेन के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और निष्पक्ष जांच की मांग की है। यह घटना खेल जगत के लिए भी बड़ी क्षति मानी जा रही है।
