February 10, 2026

सोनीपत: राई खेल विश्वविद्यालय में हिसार हीरोज ने करनाल किंग्स हराया

Sonepat: Hisar Heroes beat Karnal Kings at Rai Sports University

सोनीपत: खेल विश्वविद्यालय में आयोजित कबड्डी चैम्पियन लीग में खेल मंत्री गौरव गौतम खिलाड़यों के साथ

-हरियाणा कबड्डी लीग के दंगल में बतौर मुख्य अतिथि हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम पहुंचे

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत के राई स्थित हरियाणा खेल विश्वविद्यालय में आयोजित कबड्डी चैम्पियन लीग के आठवें दिन रोमांचक मुकाबला खेला गया। प्रतियोगिता के इस दिन का पहला मुकाबला हिसार हीरोज और करनाल किंग्स के बीच हुआ, जिसने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। कार्यक्रम में हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ हरियाणा खेल विश्वविद्यालय राई के कुलपति अशोक कुमार, हिसार हीरोज टीम के मालिक राजेश राठी, प्रतियोगिता के संचालक रोहित राठी, दीप आर्या तथा फेडरेशन के सदस्य मौजूद रहे।

Sonepat: Hisar Heroes beat Karnal Kings at Rai Sports University
सोनीपत: खेल विश्वविद्यालय में आयोजित कबड्डी चैम्पियन लीग में खेल मंत्री गौरव गौतम अन्य मेहमानों के साथ

मुकाबले की शुरुआत हिसार हीरोज ने आक्रामक अंदाज में की और शुरुआती मिनटों में ही करनाल किंग्स को ऑल आउट कर बढ़त बना ली। इसके बाद करनाल किंग्स ने संतुलित खेल दिखाते हुए शानदार वापसी की और मध्यांतर तक 25-23 अंकों की बढ़त हासिल कर ली। मध्यांतर के बाद मुकाबला और अधिक रोमांचक हो गया।

हिसार हीरोज ने नई रणनीति के साथ मैदान में उतरते हुए लगातार दबाव बनाया। टीम के स्टार रेडर आशु मलिक ने असाधारण प्रदर्शन करते हुए निर्णायक क्षणों में महत्वपूर्ण रेड कीं। उनके 21 रेड अंकों की बदौलत हिसार हीरोज ने अंतिम समय में बराबरी करते हुए २ अंकों से जीत दर्ज की। रक्षात्मक मोर्चे पर सुरजीत नरवाल, सौरभ नंदल, नितेश कुमार और अंकित दहिया ने मिलकर 11 टैकल अंक अर्जित किए। मुकाबले का अंतिम स्कोर 41-39 रहा।

मुकाबले के बाद खेल मंत्री गौरव गौतम ने प्रतियोगिता की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर देती हैं और भविष्य के खिलाड़ियों के लिए मील का पत्थर साबित होंगी।

About The Author