February 10, 2026

सोनीपत: फर्जी सीबीआई इंस्पेक्टर बन रौब झाड़ता व्यक्ति गिरफ्तार

Sonepat: Man arrested for posing as fake CBI inspector

सोनीपत: नकली सीबीअई इंस्पेक्टर गिरफ्तार।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत जिले में पुलिस ने स्वयं को सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन का इंस्पेक्टर बताकर लोगों पर रौब जमाने वाले एक व्यक्ति शनिवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस की वर्दी पहनकर गांव में दबदबा बनाने की कोशिश कर रहा था, जिस पर ग्रामीणों को शक हुआ और पुलिस को सूचना दी गई।

गांव भटगांव के ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि एक व्यक्ति खुद को पुलिस अधिकारी बताकर गांव में घूम रहा है और लोगों पर प्रभाव जमाने का प्रयास कर रहा है। सूचना मिलते ही सीआईए सेक्टर-3 पुलिस और सदर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर आरोपी को काबू में लिया। पुलिस को मौके पर झज्जर जिले का रहने वाला रणधीर सिंह मिला, जिसने पूरी पुलिस वर्दी पहन रखी थी।

पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर आरोपी ने स्वयं को सीबीआई का इंस्पेक्टर बताया। हालांकि जब दस्तावेजों और पहचान की जांच की गई तो वह फर्जी निकला। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह वर्दी पहनकर लोगों पर रौब जमाता था और इसी बहाने बसों में बिना किराया दिए यात्रा भी करता था। उसने बताया कि भटगांव में उसकी रिश्तेदारी है और वह झज्जर के गांव सेज पहाड़ीपुर से यहां आया था। जांच में सामने आया कि आरोपी पूर्व में पुलिस विभाग में कार्यरत था, लेकिन वर्ष 2002 में कैथल में भ्रष्टाचार के एक मामले में निलंबित हुआ था। उसी मामले में उसे जेल भी जाना पड़ा था, जिसके बाद विभागीय कार्रवाई के तहत उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने तीन दिन पहले सोनीपत सिटी थाना के सामने स्थित एक दुकान से पुलिस की वर्दी खरीदी थी।

सदर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अशोक ने बताया कि आरोपी को इंस्पेक्टर की पूरी वर्दी में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसने वर्दी कहां से प्राप्त की और इससे पहले भी क्या उसने इसी तरह की किसी अन्य गतिविधि को अंजाम दिया है।

About The Author