किंग कोहली: भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट अचानक गायब, 27 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हैरान
इंस्टाग्राम पर विराट की प्रोफाइल पर यूजर नॉट फाउंड लिखकर आया।
नई दिल्ली, अजीत कुमार। भारतीय क्रिकेट स्टार विराट कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट गुरुवार देर रात अचानक बंद हो गया। अकाउंट सर्च करने पर न तो उनकी प्रोफाइल दिखाई दे रही है और न ही डायरेक्ट लिंक के जरिए पेज खुल पा रहा है। अकाउंट खोलने की कोशिश करने पर “This page isn’t available” का मैसेज आ रहा है। कोहली दुनिया के सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले क्रिकेटर हैं और उनके इंस्टाग्राम पर 274 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।
आधिकारिक बयान नहीं, वजह साफ नहीं
इस पूरे मामले में अभी तक न तो विराट कोहली, न उनकी मैनेजमेंट टीम और न ही इंस्टाग्राम की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया आई है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कोहली ने खुद अकाउंट को अस्थायी रूप से डिसेबल किया है, इसे डिलीट किया गया है या फिर यह किसी तकनीकी गड़बड़ी का नतीजा है।
हाल में सीमित रही सोशल मीडिया एक्टिविटी
पिछले कुछ समय से विराट कोहली की सोशल मीडिया गतिविधियां काफी कम हो गई थीं। उन्होंने कई प्रमोशनल पोस्ट भी हटाए थे, जिससे यह संकेत मिला था कि वह ब्रांड एंडोर्समेंट से ज्यादा क्रिकेट और परिवार पर फोकस करना चाहते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विराट एक प्रमोशनल इंस्टाग्राम पोस्ट के लिए 12 से 14 करोड़ रुपये तक चार्ज करते हैं।
फैंस के रिएक्शन, सोशल मीडिया पर हलचल
जैसे ही फैंस को विराट का इंस्टाग्राम अकाउंट नजर नहीं आया, सोशल मीडिया पर हलचल मच गई। कई यूजर्स ने एक्स और अन्य प्लेटफॉर्म पर सवाल उठाए कि आखिर इतने बड़े स्टार का अकाउंट अचानक कैसे गायब हो सकता है। कुछ लोगों ने इसे टेक्निकल इश्यू बताया तो कुछ ने इसे जानबूझकर लिया गया फैसला माना।
हालिया क्रिकेट प्रदर्शन
विराट कोहली ने 18 जनवरी को इंदौर में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे मैच में शानदार शतक लगाया था। उन्होंने 108 गेंदों पर 124 रन की पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल थे। हालांकि, उनके शतक के बावजूद भारतीय टीम मैच नहीं जीत सकी। अब कोहली करीब 6 महीने बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नजर आएंगे। भारत की अगली वनडे सीरीज जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ खेली जाएगी।
रनों के मामले में दूसरे नंबर पर कोहली
विराट कोहली तीनों फॉर्मेट मिलाकर इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं। उन्होंने 559 मैचों में 28,215 रन बनाए हैं। इस सूची में पहले नंबर पर सचिन तेंदुलकर हैं, जिनके नाम 34,357 रन दर्ज हैं।
85 इंटरनेशनल शतक का रिकॉर्ड
कोहली के नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में कुल 85 शतक हैं। टेस्ट में उन्होंने 30, वनडे में 54 और टी-20 में 1 शतक लगाया है। वह टेस्ट और टी-20 क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और फिलहाल सिर्फ वनडे फॉर्मेट खेलते हैं।
डिलीट और डिसेबल अकाउंट में फर्क
इंस्टाग्राम अकाउंट डिलीट होने पर पूरा डेटा हमेशा के लिए हट जाता है, जबकि डिसेबल अकाउंट अस्थायी होता है और दोबारा एक्टिव किया जा सकता है। विराट के अकाउंट के साथ क्या हुआ है, यह फिलहाल साफ नहीं है।
किन कारणों से इंस्टाग्राम अकाउंट हटाता है
इंस्टाग्राम कम्युनिटी गाइडलाइंस के उल्लंघन, स्पैम गतिविधियों, कॉपीराइट उल्लंघन या लंबे समय तक निष्क्रिय रहने पर अकाउंट हटाया या डिसेबल किया जा सकता है। हालांकि, विराट कोहली के मामले में इनमें से किसी भी वजह की पुष्टि नहीं हुई है।
