सोनीपत: राह वीर अभियान से यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ी: कादियान
सोनीपत: सोनीपत ट्रैफिक पुलिस द्वारा गुरुवार को राह वीर अभियान के अंतर्गत लोगों को जानकारी देते हुए।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत जिले में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने और दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से सोनीपत ट्रैफिक पुलिस द्वारा गुरुवार को राह वीर अभियान गया। यह अभियान अगस्त 2025 से जनवरी 2026 तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और नियमों की अनदेखी से होने वाले दुष्परिणामों से अवगत कराना रहा।
पुलिस उपायुक्त ट्रैफिक नरेंद्र कादियान ने बताया कि पुलिस आयुक्त सोनीपत ममता सिंह के निर्देश हैं कि सुरक्षित, सुगम और अनुशासित यातायात व्यवस्था के लिए ऐसे जन-जागरूकता अभियानों को आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा। अभियान के अंतर्गत प्रमुख राजमार्गों, चौराहों, बाजार क्षेत्रों और व्यस्त मार्गों पर वाहन चालकों, दोपहिया सवारों और पैदल यात्रियों से संवाद किया गया। ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने गलत दिशा में वाहन चलाने और गलत स्थान पर वाहन खड़ा करने से उत्पन्न समस्याओं पर विशेष ध्यान दिलाया। इन कारणों से होने वाली सड़क दुर्घटनाएं, यातायात जाम, आपात सेवाओं में बाधा और जनधन की हानि के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इसके साथ ही हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, जेब्रा क्रॉसिंग का सही उपयोग और यातायात संकेतों का सम्मान करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। नागरिकों को यह भी बताया गया कि नियमों का पालन केवल दंड से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।
अभियान के दौरान अब तक 1350 से अधिक नागरिकों से प्रत्यक्ष संवाद कर उन्हें यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। ट्रैफिक पुलिस ने आमजन से अपील की कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
