सोनीपत कबड्डी चैंपियंस लीग: केसीएल में हिसार हीरोज की शानदार जीत
सोनीपत: कबड्डी चैंपियंस लीग में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिलाड़ी।
- टुनाइट्स रेडर का सम्मान आशु मलिक और टुनाइट्स डिफेंडर का सम्मान नितेश कुमार को मिला
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत में चल रही कबड्डी चैंपियंस लीग के तीसरे मुकाबले में हिसार हीरोज ने भिवानी बुल्स को 41–38 से हराकर प्रभावशाली जीत दर्ज की। मुकाबले में टुनाइट्स रेडर का सम्मान आशु मलिक और टुनाइट्स डिफेंडर का सम्मान नितेश कुमार को मिला।
मुकाबले में उतार-चढ़ाव, आक्रामक रेड, सटीक टैकल और रणनीतिक समझ ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। हिसार की जीत के नायक स्टार रेडर आशु मलिक रहे, जिन्होंने दबाव में भी टीम को संभालते हुए निर्णायक भूमिका निभाई। हिसार की ओर से आशु मलिक ने बोनस अंक के साथ खाता खोला, लेकिन भिवानी बुल्स के रेडर देवांक दलाल ने लगातार सफल रेड कर टीम को बढ़त दिलाई। शुरुआती चरण में दोनों टीमें बराबरी पर रहीं, लेकिन देवांक की आक्रामकता से भिवानी ने हिसार को पहला ऑल-आउट दिया और बढ़त बना ली। इस दौरान नवीन रावल और सौरव के सहयोग से भिवानी ने स्कोर पर दबाव बनाए रखा। नवीन रावल की सुपर रेड ने हिसार की रक्षण पंक्ति को चुनौती दी।
दबाव के बीच आशु मलिक ने शानदार वापसी की। उन्होंने लगातार अंक जुटाते हुए सुपर-10 पूरा किया और टीम को संभाला। उनकी अगुआई में हिसार ने अंतर कम किया और मध्यांतर तक स्कोर 19–20 कर मुकाबले को खुला रखा।
दूसरे हाॅफ की शुरुआत में हिसार हीरोज ने आक्रामक खेल दिखाते हुए भिवानी को ऑल-आउट किया और बढ़त हासिल की। देवांक दलाल की सुपर रेड से भिवानी ने वापसी की कोशिश की, लेकिन निर्णायक क्षण में आशु मलिक की साहसी रेड ने हिसार को संकट से उबार लिया। आशु ने कुल 20 रेड अंक जुटाकर टूर्नामेंट में नया मानक स्थापित किया। रक्षण में नितेश कुमार की अगुआई में हिसार ने 14 टैकल अंक अर्जित किए, जबकि भिवानी को 8 टैकल अंकों पर रोका। अंतिम चरण में भिवानी ने अंतर घटाने का प्रयास किया, लेकिन हिसार ने संयम बनाए रखा और मुकाबला अपने नाम किया। स्कोर विवरण के अनुसार रेड अंकों में भिवानी 27–23 से आगे रहा, पर टैकल अंकों और ऑल-आउट अंकों (4–2) में हिसार की बढ़त निर्णायक साबित हुई।
