April 21, 2026

सोनीपत क्राइम: पुरानी रंजिश में दो भाइयों पर हमला, हालत गंभीर

Two brothers attacked over old rivalry, condition critical

AI से जनरेट फोटो।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत जिले के गोहाना क्षेत्र के गांव रुखी में पुरानी रंजिश के चलते दो भाइयों पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। श्मशान घाट के पास हुई इस घटना में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पीजीआई खानपुर रेफर किया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

पीड़ित सुभाष चंद्र ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपने भाई कृष्ण के साथ अपने पैतृक गांव रुखी आए थे। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे जब वे श्मशान घाट के पास पहुंचे, तो आरोपी सत्यवान ने उनका रास्ता रोक लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर नफे सिंह और तारा नाम की महिला भी मौके पर आ गए।

आरोप है कि तीनों ने मिलकर दोनों भाइयों पर लाठी-डंडों और ईंटों से हमला कर दिया। हमले में सुभाष और कृष्ण के सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। इस दौरान आरोपियों ने पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

पीड़ित पक्ष के अनुसार, आरोपियों से उनकी पुरानी रंजिश चली आ रही है। उन्होंने पहले भी कई बार रास्ता रोककर खेत में जाने से मना किया और धमकाया है। इस संबंध में पहले भी पुलिस को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को नागरिक अस्पताल गोहाना भिजवाया, जहां से उन्हें गंभीर हालत में खानपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पीड़ितों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर 20 अप्रैल को थाना बरोदा में भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 126(2), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।

About The Author