तेज रफ्तार का कहर: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, चालक फरार
तेज रफ्तार का कहर: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, चालक फरार
सोनीपत, अजीत कुमार। पुरखास रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक व्यक्ति की जान ले ली। अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल मोटरसाइकिल सवार की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक गौतम का भतीजा कुनाल किसी शादी में शामिल होने के लिए घर से निकला था। जब वह पुरखास रोड पर गांव के सरकारी स्कूल के पास पहुंचा, तो वहां भीड़ जमा थी। मौके पर जाकर उसने देखा कि उसके चाचा गौतम सड़क पर गंभीर रूप से घायल पड़े थे और उनकी मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त थी।
घायल गौतम को तुरंत उपचार के लिए एफआईएमएस अस्पताल, सोनीपत ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना अस्पताल द्वारा पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किसी अज्ञात वाहन चालक ने तेज गति और लापरवाही से मोटरसाइकिल को टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया। हादसा इतना भीषण था कि बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस ने मृतक के भतीजे की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 106 के तहत थाना सदर सोनीपत में मामला दर्ज कर लिया है। तकनीकी कारणों से धारा में आंशिक बदलाव किया गया है।
फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपी व वाहन की पहचान के प्रयास जारी हैं।
