कामयाबी के कदम: यूपीएससी में 268वीं रैंक पाने पर ईशिता शर्मा का स्वागत
सोनीपत: यूपीएससी में 268वीं रैंक प्राप्त करने वाली ईशिता शर्मा को आशीर्वाद देत ेहुए मोहन लाल बडौली।
सोनीपत, अजीत कुमार। संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में 268वीं रैंक प्राप्त करने वाली ईशिता शर्मा का मंगलवार को गोहाना शहर के सेक्टर-7 स्थित उनके आवास पर सम्मान किया गया। भारतीय जनता पार्टी के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत और पर्यटन मंत्री डाॅ. अरविंद शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली जिला अध्यक्ष बिजेंद्र मलिक के साथ उनके घर पहुंचे और ईशिता को शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ईशिता शर्मा ने देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षा यूपीएससी में तीसरे प्रयास में यह सफलता प्राप्त की है। उन्होंने दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से बीटेक की पढ़ाई पूरी की है। परिवार और शिक्षकों के मार्गदर्शन के साथ निरंतर परिश्रम और अनुशासन को उन्होंने अपनी सफलता का प्रमुख कारण बताया।
इस अवसर पर मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि युवाओं की मेहनत और समर्पण समाज के लिए प्रेरणा बनते हैं। उन्होंने कहा कि ईशिता की उपलब्धि से जिले के विद्यार्थियों को भी बड़े लक्ष्य तय कर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
ईशिता शर्मा ने अपनी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की बिना खर्ची-बिना पर्ची की नीति से प्रतिभावान युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने युवाओं से धैर्य, निरंतर अध्ययन और सकारात्मक सोच के साथ तैयारी करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महेंद्र चिड़ाना, नरेन्द्र गहलावत, प्रदीप बड़वासनी, राजेश भावड़, डॉ. राममेहर राठी, मुकेश रोहिल्ला, कुलदीप कौशिक और नरेश शर्मा सहित कई लोग उपस्थित रहे।
