सोनीपत: ठेके से डेढ लाख नकदी और महंगी शराब चोरी, मामला दर्ज
सोनीपत: शराब ठेके का फोटो।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत शहर में बस स्टैंड के सामने स्थित एक शराब ठेके से नकदी और महंगी शराब चोरी हो गई है। ठेका संचालक की शिकायत पर थाना सिविल लाइन पुलिस ने एक सेल्समैन और उसके साथी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-23 निवासी जोगिन्द्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बस स्टैंड के सामने स्थित शराब ठेके का संचालक है। उसने करीब दो माह पहले रामू निवासी मैनपुरी, उत्तर प्रदेश को सेल्समैन के रूप में काम पर रखा था। शिकायत के अनुसार सेल्समैन ने कथित रूप से साजिश रचकर अपने एक साथी को ठेके पर बुलाया। आरोप है कि उसका साथी उत्तर प्रदेश नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार में आया था। दोनों ने मिलकर देर रात ठेके में रखी नकदी और शराब चोरी कर ली।
शिकायतकर्ता के मुताबिक आरोपियों ने करीब एक लाख 50 हजार रुपये नकद और 16 बोतल महंगी शराब चोरी की। इनमें चार बोतल सिंगलटन ब्रांड, चार बोतल एमएम जामुन, पांच बोतल ऑल सीजन सिरताज सहित अन्य शराब शामिल है। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब एक लाख 75 हजार तीन सौ रुपये बताई गई है।
जोगिन्द्र ने बताया कि पूरी घटना ठेके में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में दोनों आरोपियों की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं। शिकायतकर्ता ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी सौंप दी है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सोमवार को मामले की जांच कर रहे एएसआई विकास ने बताया कि शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर थाना सिविल लाइन में अमानत में खयानत और चोरी से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य प्रमाणों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
