सोनीपत: लगातार बिजली कटौती से नाराज लोगों ने किया प्रदर्शन, बिल रोकने की चेतावनी
सोनीपत: बिजली कट के विरोध में प्रदर्शन करते उपभोक्ता।
सोनीपत, अजीत कुमार। बिजली की लगातार कटौती से परेशान लोगों ने सेक्टर-23 में जिला पार्षद संजय बड़वासनिया के नेतृत्व में रात के समय प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नियमित रूप से बिजली बिल जमा करने के बावजूद उन्हें बेहतर बिजली आपूर्ति नहीं मिल रही है। उनका कहना था कि कई-कई घंटे तक बिजली गुल रहने से आम लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
जिला पार्षद संजय बड़वासनिया ने कहा कि उपभोक्ता हजारों रुपये के बिजली बिल भर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद बार-बार बिजली कट लग रहे हैं। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की कमी के कारण भी लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। पहले ठेके पर कार्यरत कई कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दी गई थीं, जिसका असर अब गर्मी के मौसम में साफ दिखाई दे रहा है। उनका कहना था कि पर्याप्त कर्मचारी होते तो शिकायतों का समय पर समाधान हो सकता था।
उन्होंने कहा कि लगातार बिजली कटौती से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी कई-कई घंटे बिजली नहीं मिल रही। यदि समय रहते बिजली भार का सही प्रबंधन किया जाता और जरूरी कार्रवाई होती तो लोगों को इतनी परेशानी नहीं उठानी पड़ती।
बड़वासनिया ने चेतावनी दी कि यदि बिजली विभाग ने जल्द ही बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं किया और लोगों की समस्या का समाधान नहीं किया, तो उपभोक्ताओं को बिजली बिल नहीं भरने के लिए संगठित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब बिल पूरा लिया जा रहा है तो उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा भी मिलनी चाहिए। यदि स्थिति नहीं सुधरी तो इसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।
प्रदर्शन में निगम पार्षद राजेश मलिक वार्ड 19 और निगम पार्षद राजकुमार शर्मा वार्ड 20 सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
