सोनीपत: मुख्यमंत्री से मिले प्रदीप सांगवान, रखीं बरोदा क्षेत्र की समस्याएं
सोनीपत: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से बरोदा की समस्याओं पर चर्चा करते हुए प्रदीप सांगवान।
सोनीपत, अजीत कुमार। बरोदा विधानसभा क्षेत्र की जनसमस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से भाजपा नेता एवं पूर्व प्रत्याशी प्रदीप सांगवान ने चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से गुरुवार को शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने बरोदा विधानसभा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की और क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक योजनाओं तथा मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।
बैठक में क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विकास कार्यों को तेज करने, नागरिक सुविधाओं के विस्तार तथा जनता से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। प्रदीप सांगवान ने कहा कि बरोदा विधानसभा क्षेत्र के लोगों की अपेक्षाओं को पूरा करना उनकी प्राथमिकता है और वे लगातार जनता की समस्याओं को संबंधित स्तर तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर काम किया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री को क्षेत्र की वर्तमान आवश्यकताओं से भी अवगत कराया और जनहित से जुड़े मामलों में सकारात्मक सहयोग का आग्रह किया।
प्रदीप सांगवान ने कहा कि बरोदा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक के हितों की रक्षा, जनसमस्याओं के समाधान और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए उनका प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार के सहयोग से क्षेत्र में विकास कार्यों को और गति मिलेगी तथा लोगों को बेहतर सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा।
